
ग्वालियर। शहर में हो रही बेतहाशा अघोषित बिजली कटौती एवं बिजली विभाग से जुडी अन्य समस्याओं को लेकर आज बिजली विभाग के मुख्य कार्यालय रोशनी घर पर विधायक डाॅ. सतीश सिकरवार के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया गया। इसमें हजारों महिला-पुरूष शामिल हुये। साथ ही इस दौरान 10 सूत्रीय ज्ञापन मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव के नाम अधीक्षण यंत्री बिजली विभाग नितिन मांगलिक को कांग्रेसजनों द्वारा सौंपा गया। विधायक डाॅ. सिकरवार ने धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुये ऐलान किया कि अगर अतिशीघ्र ज्ञापन में उल्लेखित समस्याओं को समाधान नहीं किया गया तो 50 हजार महिला-पुरूषों के साथ ऊर्जा मंत्री के निवास पर धरना प्रदर्शन किया जायेगा और गली-गली में पुतले जलाये जायेंगे। धरना प्रदर्शन में कांग्रेस पार्टी, सोनिया गांधी, मलिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, जीतू पटवारी एवं उमंग सिंघार के जिंदाबाद के नारे गूंजते रहे। धरने पर बैठे लोग ऊर्जा मंत्री होश में आओं, बिजली समस्या हल कराओं के नारे लिखी तख्तियां लिये हुये थे। विधायक डाॅ. सिकरवार ने धरना प्रदर्शन में उमड़े जन सैलाब को संबोधित करते हुये कहा कि गरीबों को बढे हुये बिजली के बिल भेजे जा रहे है और मंत्री जी पार्क में टेंट लगाकर सो रहे हैं। आखिर वे कब तक इस तरह की नौटंकी और ड्रामा करते रहेंगे। टेंट में सारी सुविधायें उपलब्ध है, जिसमें वह सरकारी धन का दुरपयोग कर अधिकारियों-कर्मचारियों को भी परेशान कर रहें है, इससे पहले प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राम पाण्डे, एम.आई.सी सदस्य अवधेश कौरव, ब्लाॅक अध्यक्ष विनोद जैन, देवेन्द्र चौहान, हितेन्द्र यादव, श्रीमती वीना भारद्वाज, पार्षद केदार बरहादिया आदि ने विचार व्यक्त किये। धरना प्रदर्शन का संचालन ब्लाॅक अध्यक्ष अनूप शिवहरे एवं आभार ब्लाॅक अध्यक्ष महादेव अपोरिया ने व्यक्त किया।
