
सागर। शासकीय विद्यालयों में भाड़े के शिक्षक रखने वाले पांच शिक्षकों को कलेक्टर संदीप जी आर के द्वारा बर्खास्त कर दिया गया है।कलेक्टर ने बताया की विगत दिवस पांच शासकीय शिक्षक अपने स्थान पर भाड़े के शिक्षक रखकर शैक्षणिक कार्य करा रहे थे। ऐसे शिक्षकों पर जांच के उपरांत सभी पांच शिक्षकों को बर्खास्त करने की कार्रवाई की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने बताया कि कलेक्टर के अनुमोदन के पश्चात् यह कार्रवाई की गई जिसमें सभी शिक्षकों की सेवाएं समाप्त की जाकर उन्हें बर्खास्त किया गया है । जिनमे
अनिल मिश्रा प्राथमिक शिक्षक शा.प्रा. शा. रहली विकास खण्ड जैसीनगर,श्रीमती जानकी तिवारी प्राथमिक शिक्षक शास.एकी. माध्यमिक शाला बंजरिया विकास खण्ड जैसीनगर,अवतार सिंह ठाकुर प्राथमिक शिक्षक शा.प्रा.शा. कजरई विकास खण्ड खुरई, रूपसिंह चढ़ार प्राथमिक शिक्षक शास. एकी. माध्य. शाला भेलैया विकासखंड मालथौन, इन्द्र विक्रम सिंह परमार प्राथमिक शिक्षक शा.प्रा.शा.मंझेरा विकासखंड मालथौन शामिल है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय मे
जांच दल द्वारा प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया।
जॉच प्रतिवेदन निष्कर्ष अनुसार शासकीय गवाहों, प्रस्तुत अभिलेखों एवं तर्कों के आधार पर यह पाया गया है कि उक्त पांचों शिक्षक अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाह है तथा संस्था में सप्ताह में एक दिन उपस्थित होते है एवं अपने स्थान शैक्षणिक कार्य हेतु भाड़े पर शिक्षकों को रखा है। उक्त शिक्षकों की विभागीय जाँच के दौरान भी शासकीय साक्षियों द्वारा अभिलेख सहित पुष्टि की गई। जाँचकर्ता अधिकारी के अभिमत अनुसार उक्त पांचों अपचारी शिक्षकों पर आरोप प्रमाणिक पाये गए, अपचारी शिक्षकों को अपना पक्ष रखने हेतु अंतिम अवसर देते हुये कारण बताओं सूचना पत्र जारी किया गया जिसके प्रतिउत्तर का परीक्षण करने पर प्रतिउत्तर समाधानकारक नहीं पाया गया। जिसके बाद उक्त आदेश जारी किए गए।
