
जबलपुर। अधारताल थाना अंतर्गत रविन्द्र नगर में दो पक्ष आपस में भिड़ गए थे। दोनों पक्षों ने पथराव, चाकूबाजी के साथ तोडफ़ोड़ की थी। उपद्रव की सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स पहुंचा और दोनों पक्षों को समझाइश दी लेकिन दोनों पक्ष मानने तैयार नहीं थे और पत्थर चलाते रहे। पुलिस के साथ में झूमाझपटी की, पथराव के दौरान प्रधान आरक्षक के सिर में जाकर एक पत्थर लग गया था। दोनों पक्षों से पांच लोग घायल हुए थे। पुलिस ने रिपोर्ट पर काउंटर केस दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस ने प्रधान आरक्षक की रिपोर्ट पर भी शासकीय कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं के तहत एक और एफआईआर दर्ज कर ली है। इसके साथ ही गिरफ्तारियां भी शुरू हो गई। वहीं इस उपद्रव का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है, जिसमें पथराव, पुलिस के साथ झड़प स्पष्ट दिखाई दे रही है।
