इंदौर. ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. हत्या की साजिश में पकड़ा गया आरोपी राज कुशवाहा, राजा के अंतिम संस्कार में शामिल हुआ था. हैरानी की बात यह है कि वह उसी अर्थी में शामिल हुआ, जिस युवक की हत्या में उसका नाम सामने आया है. सोनम के पिता देवी सिंह को भी अंतिम संस्कार में ले जाकर साथ खड़ा था.
पुलिस जांच में सामने आए वीडियो में राज, देवी सिंह को सहारा देता दिख रहा है. यह वीडियो उस दिन का है जब राजा का शव इंदौर लाया गया था और अंतिम संस्कार किया था. राज कुशवाहा, सोनम के पिता की दुकान पर काम करता था और पहले सोनम के घर के पास ही रहता था. अब उसी पर सोनम के साथ मिलकर राजा की हत्या की साजिश में शामिल होने का शक है. देवी सिंह ने भी पुष्टि की है कि राज दो दिन पहले उनके घर आया था और किसी तरह की आपत्तिजनक बात महसूस नहीं हुई. देवी सिंह ने मीडिया से चर्चा करते हुए इस बात को जिक्र भी किया था कि राज पड़ोसियों को गाड़ी में बैठाकर अंतिम संस्कार में ले गया था. उस समय कोई अंदाजा नहीं था कि वह इस पूरे मामले में शामिल हो सकता है. वहीं एडीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि हत्या के संदेह में राज कुशवाहा के साथ विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी को भी हिरासत में लिया गया है. तीनों को इंदौर से और आनंद को बीना से पकड़ा गया है. फिलहाल राज की अंतिम संस्कार में मौजूदगी को लेकर लोगों में हैरानी और आक्रोश दोनों है, परिवार का कहना है कि जिस व्यक्ति ने हत्या में भूमिका निभाई, वह शव के साथ खड़ा था यह बहुत बड़ा धोखा है.
