इटारसी:सोमवार को शहर के गांधी मैदान पर मप्र हाकी अकादमी द्वारा अंडर-18 वर्ग खिलाड़ियों के चयन हेतु ट्रायल का आयोजन किया गया। इस चयन समिति में चयनकर्ता के रूप में पूर्व ओलिंपियन एवं मप्र हाकी अकादमी के हेड कोच समीर दाद, सहायक कोच लोकेन्द्र शर्मा एवं फिजीशियन आरिफ खान ने यहां बैतूल, इटारसी एवं नर्मदापुरम से आए खिलाड़ियों की प्रस्तुति देखी, इसके आधार पर चयन प्रकिया पूरी की गई।
जिला हाकी संघ के सचिव कन्हैया गुरयानी ने बताया कि आज मंगलवार को गांधी मैदान पर संचालित हाकी फीडर सेंटर के लिए बच्चों के लिए ट्रायल रखा गया है। यह प्रकिया सुबह 7:30 बजे से मैदान पर प्रारंभ होगी। ट्रायल के दौरान शामिल होने आए बच्चों ने अपनी प्रस्तुति दी। चयनकर्ताओं ने एक-एक खिलाड़ी की शारीरिक दक्षता, सक्रियता एवं मैदान पर हाकी स्टिक से की जाने वाली मेहनत पर फोकस किया, इसके अलावा अन्य बिंदुओं पर भी चयन किया गया।
इटारसी आए चयनकर्ताओं का हाकी संघ सचिव कन्हैया गुरयानी, डीएचए संरक्षक एससी लाल, दीप सिंह ठाकुर, नंदकिशोर उस्ताद, जयराज सिंह भानु, सर्वजीत सिंह सैनी, आशीष शर्मा, आरिफ खान, मयंक जेम्स, रवि हरदुआ, साहिल चौरे, विशाल तोमर, महबूब खान समेत अन्य खिलाड़ियों ने स्वागत किया।
