मॉस्को, 21 मार्च (वार्ता) रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने शनिवार को अमेरिका पर रूस को वैश्विक ऊर्जा बाजारों से बाहर धकेलने की कोशिश करने का आरोप लगाया और कहा कि रूसी हितों का सम्मान करने की उसकी कोई इच्छा दिखायी नहीं देती।
श्री लावरोव ने एक रूसी टेलीविजन कार्यक्रम में कहा कि अमेरिका वैश्विक ऊर्जा बाजार में प्रभुत्व की व्यापक कोशिश के तहत, विशेष रूप से यूरोपीय ऊर्जा बाजारों में रूस को हाशिए पर धकेलने की कोशिश कर रहा है।
रूसी समाचार एजेंसी स्पूतनिक की रिपोर्ट के अनुसार, श्री लावरोव ने कहा, “हमें सभी वैश्विक ऊर्जा बाजारों से बाहर धकेला जा रहा है। अंततः, केवल हमारा अपना क्षेत्र ही बचेगा।” उन्होंने कहा कि हालांकि अमेरिका सहयोग की बात करता है, लेकिन उसने रूस के हितों को ध्यान में रखने की इच्छा नहीं दिखाई है।
श्री लावरोव ने कहा कि भविष्य का कोई भी सहयोग आपसी लाभ और दोनों पक्षों के हितों के सम्मान पर आधारित होना चाहिए, जिसका वर्तमान में अभाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका अंतरराष्ट्रीय समझौतों के बजाय अपने हितों को प्राथमिकता देता है और यह स्थापित वैश्विक मानदंडों से विचलन है।
रूसी विदेश मंत्री ने पश्चिम एशिया पर टिप्पणी करते हुए चेतावनी दी कि अमेरिका और इजरायल की कार्रवाइयों के दीर्घकालिक परिणाम होंगे। उनका प्रभाव आने वाले वर्षों तक महसूस किया जाएगा।
