ग्वालियर: भितरवार में पूर्व पार्षद दिनेश भटेले के पुत्र आयुष (15) की पार्वती नदी में डूबने से मौत हो गई।उनका परिवार वार्ड क्रमांक 8 में रहता है। भितरवार में एक शादी समारोह था। परिजनों ने सोचा कि आयुष वहीं गया होगा। जब वह नहीं लौटा, तो रिश्तेदारों और दोस्तों के यहां तलाश की गई। कहीं पता न चलने पर पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर खोजबीन की।
आयुष की आखिरी लोकेशन पार्वती नदी के दिया दाह घाट पर मिली। तलाशी के दौरान घाट पर उसके कपड़े मिले। आज रविवार को एक व्यक्ति ने नदी में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। आयुष कक्षा 8 का छात्र था और पढ़ाई में अच्छा था। घाट पर कपड़े मिलने से यह स्पष्ट है कि वह नहाने के लिए नदी में गया था। हालांकि, हादसा कैसे हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं है। बताया गया कि बालक अच्छा तैराक था। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है
