देवास: जिले के सोनकच्छ क्षेत्र में शनिवार को नेवरी फाटा चौकी के पास खाटू श्याम मंदिर के समीप अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास स्थित 3 से 4 झोपड़ियां इसकी चपेट में आ गईं।इस अग्निकांड में झोपड़ियों में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया। पीड़ित परिवार, जो कपड़े धोने के सर्फ के छोटे व्यवसाय से अपनी आजीविका चलाता था, उसकी सालभर की मेहनत, नगदी रकम, बिस्तर एवं अन्य जरूरी सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। बताया जा रहा है कि आग में घर में रखी नगद राशि भी जलकर राख हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस घटना में लगभग 4 से 5 लाख रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंची, जिसके कारण आग पर नियंत्रण पाने में देरी हुई। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया।फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
