सतना: देश के सबसे व्यस्त रेल मार्गों में शामिल मुंबई-हावड़ा रेलखंड पर गुरुवार सुबह हुई एक गंभीर घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। कटनी-सतना रेलखंड के लगरगवां रेलवे स्टेशन के पास सिग्नल प्रणाली में उपयोग होने वाली महत्वपूर्ण वायर काटकर चोरी कर ली गई, जिससे अप और डाउन दिशा की 19 ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े नौ बजे सिग्नल सिस्टम में तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। जांच में सामने आया कि सिग्नल संचालन से जुड़ी वायर काट दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को चोरी की गई वायर के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरपीएफ के अनुसार गिरफ्तार महिलाओं की पहचान कल्ली उर्फ सुखवंती 55, निवासी नारायण तालाब वार्ड क्र 22, सतना और चिंतामणि 55, निवासी संग्राम कॉलोनी, सतना के रूप में हुई है। उनके कब्जे से लगभग सात मीटर सिग्नल वायर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो हजार रुपये है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा
सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बनी सिग्नल वायर चोरी
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक वायर कटने से 19 ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। अप और डाउन दोनों रेलमार्गों पर ट्रेनों को अलग अलग स्थानों पर कहीं स्टेशन तो कहीं आउटर पर रोका गया। हालांकि ट्रेनों की देरी चार से पांच मिनट तक सीमित रही, लेकिन सिग्नल प्रणाली से छेड़छाड़ को बेहद गंभीर माना जा रहा है। रेलवे की सिग्नल व्यवस्था ट्रेनों की सुरक्षित आवाजाही की आधारशिला होती है और इसमें किसी भी तरह की बाधा बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
किसी बड़े गिरोह की सक्रियता?
घटना के बाद एक बड़ा सवाल भी उठ रहा है कि गिरफ्तार महिलाएं केवल मोहरा हैं या फिर रेलवे सामग्री चोरी करने वाले किसी संगठित गिरोह का हिस्सा। जिले में पहले भी रेलवे संपत्तियों की चोरी के मामले सामने आ चुके हैं। जानकारों का मानना है कि रेलवे सामग्री की चोरी, खरीद और बिक्री से जुड़ा एक सक्रिय नेटवर्क क्षेत्र में काम कर सकता है।
