लापरवाह पुलिस: नाबालिग के साथ दरिंदगी दुष्कर्म के बाद जहर से मौत; परिजनों का थाने के बाहर प्रदर्शन

सीहोर.जिले के अहमदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मगरदी खुर्द के ग्रामीणों ने गांव की एक नाबालिग के शव के साथ थाने के सामने प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया. नाबालिग के पिता का कहना था कि बीती रात गांव के दो लड़कों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे जबरन सल्फास खिला दी. उसका यह भी कहना था कि रात मेें जब वह शिकायत करने थाने पहुंचे तो वहां से पुलिस वालों ने उन्हें डांटकर भगा दिया. वह नाबालिग को उपचार के लिए भोपाल ले गए जहां उसकी मौत हो गई. समाचार लिखे जाने तक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर मौजूद थे और समझाईश देने का दौर जारी था.

बताया जाता है कि अहमदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मगरदी खुर्द निवासी की 17 वर्षीय पुत्री अपनी छोटी बहन के साथ बीती रात 11 बजे घर से थोड़ी दूरी पर पानी भरने गई थी. मामले में बालिका के पिता का कहना है कि रात में उसकी छोटी बेटी लौटकर आई और बताया कि गांव के दो युवकों जगपाल और कान्हा ने उसकी बड़ी बहन को रोक लिया और उसे कहीं ले गए. बालिका के पिता की मानें तो वह आसपास तलाश कर रहे थे तभी वह नाबालिग लौट आई. उसकी काफी तबीयत खराब हो रही थी. पिता का कहना है वह मामले की शिकायत करने रात एक बजे अहमदपुर थाने पहुंचे तो वहां मौजूद पुलिसकर्मी ने उन्हें डांटकर भगा दिया. फिर वह अपनी बेटी को लेकर भोपाल गए और हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया.

स्थिति को काबू में करने पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग

बालिका का शव लेकर भोपाल से आए परिजनों व ग्रामीणों ने पुलिस पर संगीन आरोप लगाते हुए थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. आक्रोशित ग्रामीण आरोपियों को गिरफ्तार करने व सख्त सजा देने की मांग कर रहे थे. अहमदपुर पुलिस ने उन्हें काफी समझाईश दी, लेकिन ग्रामीण प्रदर्शन पर अड़े रहे. इस दौरान पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर मामले को नियंत्रित करने का भी प्रयास किया. ऐसे में पुलिस की लाठियों से परिजन घायल हुए हैं. कुछ परिजनों को सिर में तो कुछ के पैरों में चोटें आई हैं. समाचार लिखे जाने तक एसडीओपी पूजा शर्मा, अहमदपुर थाना प्रभारी रमनसिंह, श्यामपुर थाना प्रभारी संध्या मिश्रा व भारी पुलिस मौके पर मौजूद था. इस संबंध में लगातार अधिकारियों से उनके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा था लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया.

देर रात हैंडपंप पर पानी भरने गई थीं दोनों बहनें

थाने के सामने नाबालिग के शव के साथ प्रदर्शन कर रहे उसके चाचा ने बताया कि रात करीब 10 से 11 बजे के बीच जब उनकी दोनों बेटी हैडपंप पर पानी भरने गई थीं, तो दो युवक वहां आए और उनकी बड़ी बेटी को वहां से उठाकर ले गए. छोटी बेटी ने यह बात घर आकर बताई. करीब 2 घंटे बाद उनकी बेटी घर पहुंची तो उसकी हालत बहुत खराब थी. मृतिका के पिता ने बताया कि उनकी बेटी ने मरने से पहले उन्हें बताया कि दोनों आरोपियों ने उसके साथ ज्यादती की थी. इसके बाद जब उसने कहा कि मैं घर जाकर बताउंगी तो उन्होंने मुंह में सल्फास की गोलियां डाल दीं और कहा कि जब जिंदा रहेगी तब बताएगी न. इसी तरह मृत नाबालिग के पिता ने पुलिस को बताया जब न्याय की आस लेकर वह थाने पहुंचे तो कई आवाज देने के बाद एक पुलिसकर्मी बाहर आया और उनसे कहा कि पहले लड़की का इलाज करा, ज्यादा बोलोगे तो बंद कर दूंगा कहकर भगा दिया.

Next Post

खुद को किंग ऑफ आष्टा रंगा बताने वाला गिरफ्तार

Tue Jun 3 , 2025
आष्टा। पुलिस ने शराब के लिए पैसे मांगकर अड़ीबाजी व मारपीट करने वाले आदतन बदमाश को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया. जहां से उसे जेल भेजा गया. जानकारी के अनुसार फरियादी आदर्श कॉलोनी निवासी सचिन सूर्यवंशी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई उसकी जूते-चप्पल की दुकान है. शाम को अपनी दुकान […]

You May Like