होंडा ने मई में की 4.65 लाख वाहनों की बिक्री

नई दिल्ली, 02 जून (वार्ता) दुपहिया वाहन निर्माता कंपनी होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (एचएमएसआई) ने इस वर्ष मई के लिए अपनी बिक्री आंकड़ों की घोषणा करते हुए बताया कि इस महीने उसने कुल चार लाख 65 हजार 115 वाहनों की बिक्री की, जिसमें चार लाख 17 हजार 256 की घरेलू बिक्री और 47 हजार 859 का निर्यात शामिल है।

कंपनी ने सोमवार को बयान जारी कर बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल से मई तक की कुल बिक्री नौ लाख 45 हजार 979 इकाई रही, जिसमें घरेलू बाजार में आठ लाख 40 हजार 155 इकाई और निर्यात में एक लाख पांच हजार 824 इकाई की हिस्सेदारी रही। मई 2025 के दौरान एचएमएसआई ने अपने प्रीमियम मोटरसाइकिल पोर्टफोलियो को मजबूती देते हुए बिगविंग सेगमेंट में कई नए मॉडल लॉन्च किए। इनमें नई रेबेल 500, एक्स-एडीवी, सीबी750 हॉर्नेट, सीबी1000 हॉर्नेट एसपी और गोल्ड विंग टूर का 50वीं वर्षगांठ संस्करण शामिल है। इसके अलावा, सीबी650आर और सीबीआर650आर के ई-क्लच संस्करण भी अब भारत में उपलब्ध हैं, जो तकनीकी नवाचार की दिशा में कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

होंडा ने उद्योग जगत में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए वैश्विक स्तर पर अपनी 50 करोड़वीं मोटरसाइकिल का निर्माण पूरा किया। यह उपलब्धि 1949 में लॉन्च हुई कंपनी की पहली मोटरसाइकिल ‘ड्रीम डी-टाइप’ की विरासत को सम्मान देती है। भारत में उत्पादन क्षमता बढ़ाने की दिशा में एचएमएसआई ने गुजरात के विट्ठलपुर संयंत्र में एक नई उत्पादन लाइन शुरू करने की भी घोषणा की।

कंपनी ने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत मई में सड़क सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए देश के 13 शहरों जलगांव, कोल्हापुर, हजारीबाग, गाजियाबाद, कानपुर, कोटपुतली, फरीदाबाद, वडोदरा, तंजावुर, चेंगलपट्टू, पटियाला, भागलपुर और कडप्पा में अभियान चलाए। इसके अलावा हैदराबाद यातायात पुलिस के सहयोग से एक ग्रीष्मकालीन शिविर का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य बच्चों और युवाओं को सुरक्षित यातायात व्यवहार के प्रति जागरूक बनाना था।

मोटरस्पोर्ट्स के क्षेत्र में भी कंपनी ने शानदार प्रदर्शन किया। फ्रेंच ग्रां प्री की रोमांचक रेस में होंडा की आरसी213वी बाइक ने जोहान ज़ारको और लुका मारिनी के शानदार प्रदर्शन के चलते पोडियम पर वापसी की, जो टीम के लिए गर्व का क्षण रहा।

Next Post

रुपया 16 पैसे मजबूत

Mon Jun 2 , 2025
मुंबई, 02 जून (वार्ता) अमेरिका और चीन के बीच व्यापार तनाव बढ़ने से दुनिया की प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के कमजोर पड़ने से आज अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया 16 पैसे मजबूत होकर 85.40 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया। वहीं, इसके पिछले कारोबारी दिवस रुपया 85.56 रुपये प्रति […]

You May Like