सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में सुस्ती पर अधिकारियों को वेतन वृद्धि रोकने की चेतावनी

बैतूल। कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि जिन विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई जाएगी, वहां संबंधित अधिकारियों की एक-एक वेतन वृद्धि रोकी जाएगी।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने विभागवार शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, सामाजिक न्याय विभाग तथा जल संसाधन विभाग को शिकायतों के निराकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा।

कलेक्टर ने कहा कि संबल पंजीयन और सामाजिक न्याय विभाग से जुड़ी शिकायतों के निराकरण में खराब प्रदर्शन पाए जाने पर संबंधित जनपद मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। इसके साथ ही राजस्व विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित शिकायतों को भी प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सभी अनुविभागीय अधिकारियों को विस्फोटक अधिनियम के अंतर्गत पटाखा दुकानों का निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए सभी जनपदों के सहायक यंत्रियों को प्रगतिरत कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा।

उन्होंने नगरीय निकायों में वर्षा जल संचयन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए पूर्ण कार्यों के छायाचित्र सहित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रगतिरत और पूर्ण कार्यों के भू-अंकित छायाचित्र उपलब्ध कराने को कहा गया। वन विभाग को भी जल संरचनाओं को प्राथमिकता के साथ दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।

समग्र ई-केवाईसी की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने आठनेर, बैतूल और चिचोली जनपदों की प्रगति असंतोषजनक बताई और संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत सभी विकासखंडों में समन्वयकों को ग्रामीण क्षेत्रों में सघन स्वच्छता अभियान चलाने और कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर वंदना जाट, सहायक कलेक्टर पुष्पराज खोट तथा विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

Next Post

ट्रंप ने ईरान को चारों तरफ से घेरने की संकेतात्मक तस्वीर साझा की

Mon May 18 , 2026
वाशिंगटन, 18 मई (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान को निशाना बनाकर सोमवार को सोशल मीडिया पर साझा किये गये एक नक्शे से दोनों देशों के बीच फिर से जुबानी जंग तेज हो गयी है। पश्चिमी एशिया के इस नक्शे पर अमेरिकी झंडा लगा हुआ था और कई दिशाओं […]

You May Like