कर्नाटक में 125 वर्षों में इस वर्ष सबसे व्यापक मानसून पूर्व बारिश : सिद्दारमैया

बेंगलुरू, 01 जून (वार्ता) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारामैया ने कहा कि इस साल अप्रैल और मई में प्रदेश भर में 125 वर्षों में सबसे व्यापक प्री-मानसून बारिश दर्ज़ की गयी, जो औसत से 197 प्रतिशत अधिक रही।

श्री सिद्दारमैया ने कहा कि इस आपदा में अब तक 71 लोगों की जान चली गयी, 702 पशुओं की मौत सहित 2,068 घर क्षतिग्रस्त हुए और 15,000 हेक्टेयर से अधिक फसलों को नुकसान पहुंचा। उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत दी गई है और फसल क्षति के मुआवजे की प्रक्रिया जारी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बाढ़ और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए सभी जिलों को सतर्क रहने और तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य आपदा राहत कोष (एसडीआरएफ) में एक करोड़ रुपये से अधिक राशि उपलब्ध है, जिसे राहत कार्यों में पूरी तरह इस्तेमाल किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान कृषि सीजन के लिए बीज और उर्वरकों की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। राज्य में पिछले वर्ष रिकॉर्ड अनाज उत्पादन हुआ था और इस वर्ष भी बुवाई सकारात्मक रूप से शुरू हो चुकी है। राज्य सरकार ने बढ़ते मानसून को देखते हुए सतर्कता और तेज़ कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया है, ताकि आगे किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान को रोका जा सके।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, बिजली गिरने से 48 मौत, पेड़ गिरने से नौ, मकान ढहने पांच, डूबने से चार, भूस्खलन से चार और करंट लगने से एक मौत हुयी हैं। प्रत्येक मृतकों के परिजनों को पांच लाख की अनुग्रह राशि दी जा चुकी है। पशु हानि के कुल 702 मामलों में से 698 को मुआवजा मिल चुका है। क्षतिग्रस्त हुये 2,068 घरों में से 75 पूरी तरह नष्ट हो गये, जबकि 1,926 प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है।

आंकड़ों के मुताबिक कृषि क्षेत्र को भारी नुकसान हुआ है। कुल 15,378.32 हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई है, जिसमें 11,915.66 हेक्टेयर कृषि और 3,462.66 हेक्टेयर बागवानी फसलें शामिल हैं। नुकसान का विवरण पोर्टल पर दर्ज किया जा रहा है ताकि किसानों को शीघ्र मुआवजा मिल सके।

Next Post

असम-अरुणाचल सीमा पर बाढ़ में फंसे 14 लोगों को वायुसेना ने बचाया

Sun Jun 1 , 2025
गुवाहाटी 01 जून (वार्ता) भारतीय वायुसेना ने रविवार सुबह असम-अरुणाचल सीमा के पास बोमजीर गांव में फंसे 14 लोगों को बचाया। पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण असम और अरुणाचल प्रदेश में कई नदियों में बढ़ते जलस्तर के बीच 14 लोग गांव में फंस गए थे। […]

You May Like

मनोरंजन