इंदौर: होलकर स्टेडियम में रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए निर्णायक मुकाबला में क्रिकेट प्रेमियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. भारतीय टीम की होलकर स्टेडियम पर यह पहली हार रही. बावजूद इसके विराट कोहली की शतकीय और नितीश कुमार रेड्डी व हर्षित राणा की आतिशी अर्द्धशतकीय पारी ने मैच में रोमांच बनाए रखा. इस दौरान दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, लेकिन मुकाबला हारने के बाद क्रिकेटप्रेमी मायूस हो गए.
रविवार सुबह होलकर स्टेडयिम के बाहर का क्षेत्र में खासी चहल पहल रही. मैच भले ही दोपहर में था लेकिन सुबह से ही स्टेडियम के बाहर दर्शकों की भीड़ जुटने लगी थी. बड़ी संख्या में क्रिकेटप्रेमी परिवार और दोस्तों के साथ मैच देखने पहुंचे थे. चहेते खिलाड़ियों की एक झलक के लिए घंटों खड़े रहे. वहीं स्टेडियम के बाहर भारत की जर्सी, तिरंगे और पसंदीदा खिलाड़ियों के नाम-नंबर वाली टी-शर्ट की जमकर बिक्री हुई. फैंस के भी खास अंदाज देखने को मिले. कोई चहेते खिलाड़ियां का पोर्ट्रेट बनाकर लाया तो किसी ने 500 किमी बाइक चलाकर मैच देखने की चाहत पूरी की.
माहौल देखने भी पहुंचे
बड़ी संख्या में युवा अपने चहेते क्रिकेट प्रेमियों की एक झलक देखने के लिए पहुंचे. जिन लोगों को टिकट नहीं मिला था वे स्टेडियम के बाहर माहौल देखने पहुंचे. इस दौरान कई लोग ब्लैक में टिकट खरीदने की जुगाड़ लगाते रहे.
पुलिस, प्रशासन रहा सतर्क
मैच से पहले सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। आयुक्त क्षितिज सिंघल ने होलकर स्टेडियम परिसर, प्रवेश और निकास मार्ग, पार्किंग स्थल सहित आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया. अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए थे। स्टेडियम के भीतर और बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे.
प्रवेश करने के लिए लगी कतारे
दर्शकों को प्रवेश करने में करने में काफी समय लग रहा था. जिसके कारण कतारें लंबी होती चली गई. हर दर्शक की सुरक्षाकर्मियों द्वारा प्रवेश द्वारों पर चेकिंग की जा रही थी. कई प्रवेश द्वारों पर तो खूब धक्का-मुक्की हुई. जल्द स्टेडियम में प्रवेश के लिए प्रशंसक धक्का-मुक्की करते देखे गए.
कोहली, रोहित के फैंस ज्यादा पहुंचे
कई दर्शक तो भारतीय पारी शुरू होने के पहले स्टेडियम में प्रवेश करते हुए नजर आए. भारतीय पारी बाद में होने के कारण कई दर्शक देर शाम तक स्टेडियम में प्रवेश करते रहे. क्रिकेट के सितारा खिलाड़ी रोहित शर्मा, विराट कोहली के दिवाने सबसे ज्यादा देखने को मिले. इनकी टी-शर्ट भी खूब बिकी. महिलाएं भी इनकी खिलाड़ियों के नामों वाली टी-शर्ट पहनकर आई थी.
एक फैन बाइक से नागपुर से आया
विराट कोहली का एक ऐसा फैन जो मैच देखने के लिए नागपुर से बाइक पर इंदौर आया. सचिन ठाकुर नामक इस फैन ने बताया कि वे बाइक चलाने के पूरे गेटअप में ही मैच देखते है. मैं काफी समय से विराट को फालो कर रहा हूं. मेरा इस गेटअप में मैच देखने का उद्देश्य यह है कि जो लोग हेलमेट पनकर गाड़ी नहीं चलाते उनके लिए संदेश है.
युवतियां भी बड़ी संख्या में पहुंची
क्रिकेट का बुखार सिर्फ पुरुषों पर ही नहीं चढ़ता अब महिलाएं भी क्रिकेट सितारों को देखने बड़ी संख्या में पहुंची. छुट्टी होने के कारण छोटे बच्चों में भी मैच देखने का खासा उत्साह नजर आया.
