गुवाहाटी 01 जून (वार्ता) भारतीय वायुसेना ने रविवार सुबह असम-अरुणाचल सीमा के पास बोमजीर गांव में फंसे 14 लोगों को बचाया।
पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण असम और अरुणाचल प्रदेश में कई नदियों में बढ़ते जलस्तर के बीच 14 लोग गांव में फंस गए थे।
तिनसुकिया जिला आयुक्त स्वप्निल पॉल के अनुरोध पर आज सुबह बचाव अभियान शुरू किया गया। बचाव प्रयासों में समन्वय के लिए अरुणाचल प्रदेश के लोअर दिबांग घाटी जिले के अधिकारियों को भी सतर्क कर दिया। वायुसेना के सक्रिय सहयोग से अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया और बचाव की निगरानी के लिए सदिया राजस्व मंडल अधिकारी जयदीप रजक मौके पर मौजूद थे।
श्री पॉल ने बताया कि बचाए गए लोगों में से 13 तिनसुकिया जिले के हैं, जबकि एक अरुणाचल प्रदेश का है। सभी 14 लोग सुरक्षित हैं और उन्हें उनके घर वापस भेज दिया गया है।
