
इंदौर. बर्थडे पार्टी में तलवार और चाकू से केक काटना दो युवकों को भारी पड़ गया. पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. उनसे एक धारदार तलवार और एक चाकू जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर पूछताछ शुरु की.
वीडियो में आरोपी सार्वजनिक स्थल पर जन्मदिन मनाते नजर आए, जिसमें एक युवक तलवार से केक काट रहा था, जबकि दूसरा चाकू लहराता दिखा. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल शर्मा के निर्देशन में दो पुलिस टीमों का गठन किया. उप निरीक्षक दीपक राठौर की टीम ने वीडियो में चाकू लहराते दिखे 21 वर्षीय फैजान पिता मोहम्मद शौकत, निवासी हम्माल मोहल्ला महू को पकड़कर उसके पास से एक चाकू बरामद किया. वहीं प्रधान आरक्षक सुमित सेमवाल की टीम ने तलवार से केक काटने वाले 28 वर्षीय आरोपी शहजाद पिता रफीक कुरैशी, निवासी गुजरखेड़ा महू को गिरफ्तार कर उसके पास से तलवार जब्त की. दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है.
