सडक़ निर्माण के दौरान फिर क्षतिग्रस्त हुई पानी लाइन, दिन भर पानी के लिए परेशान हुए नगरवासी

शाजापुर: भीषण गर्मी का सामना कर रहे नगरवासियों के लिए बुधवार का दिन मुसीबत बनकर आया. इस दिन लोगों को पूरे दिन नपा द्वारा किए जाने वाले जलप्रदाय के लिए इंतजार करना पड़ा. घंटों बाद सुधरी पाइप लाइन के बाद कहीं पर 6 घंटे तो कहीं पर 10 घंटों के बाद जलप्रदाय किया जा सका. लेकिन उसमें भी समय की कटौती की गई जिसके कारण लोगों को पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो सकी.

यह पहला मौका नहीं है जब पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हुई हो. बल्कि एक माह में करीब 10 से 12 बार बस स्टैंड क्षेत्र में पाइप लाइन फूट चुकी है. क्योंकि यहां पर फोरलेन का निर्माण कार्य चल रहा है. जहां काम कर रहे ठेकेदार के कर्मचारी खुदाई के दौरान पाइप लाइन को नुकसान पहुंचा रहे हैं. इससे न सिर्फ पानी की बर्बादी हो रही है बल्कि लोगों को भीषण गर्मी में अघोषित जलसंकट का भी सामना करना पड़ रहा है. जितनी बार भी पाईप लाईन क्षतिग्रस्त हुई काफी मात्रा में पानी व्यर्थ बह गया. जिसके चलते नपा को जल वितरण में कटौती करना पड़ रही है और समस्या नगरवासियों को उठाना पड़ रही है. लेकिन एक भी बार नपा द्वारा ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है.
घंटों देरी से हुआ जलप्रदाय, नगरवासी हुए परेशान

बुधवार को पाइप लाइन का सुधार कार्य करने में नपा और ठेकेदार के कर्मचारियों को घंटो लग गए. ऐसे में जहां सुबह 5 बजे जलप्रदाय होता था वहां दोपहर 3 बजे के बाद जलप्रदाय किया गया और जहां 10 बजे होना था वहां शाम सात बजे तक भी नपा द्वारा जल वितरण नहीं किया किया जा सका. जबकि इन दिनों लोग भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं. ऐेसे में लोगों के लिए पानी कितना जरूरी है इसका अंदाजा लगाया जा सकता है. लेकिन ऐसे मौसम में लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि लोगों को किस कदर परेशानी उठाना पड़ी होगी.
तेजी से घट रहा चीलर बांध का जल स्तर
चीलर बांध में वर्तमान में 3 फीट से भी कम पानी बचा है और बारिश आने में अभी काफी समय शेष है. वहीं जब भी पाइप लाइन फूटी काफी मात्रा में पानी व्यर्थ बह गया. यदि इसी तरह पाइप लाइन फूटती रही और पानी व्यर्थ बहता रहा तो लोगों को आने वाले दिनों में जलसंकट का सामना करना पड़ सकता है. मंगलवार देर रात को भी ठेकेदार के कर्मचारियों की लापरवाही से पाइप लाइन फूटी कई घंटों तक पानी व्यर्थ बह गया. जब नपा को सूचना मिली तो सीएमओ मौके पर पहुंचे और अपने कर्मचारियों को पाइप लाइन दुरूस्त करने के निर्देश दिए.
इनका कहना है
नगर में सडक़ निर्माण का कार्य चल रहा है. जब भी पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हुई उसका सुधार कार्य सडक़ निर्माण ठेकेदार द्वारा करवाया गया है. जहां पाइप लाइन है वहां का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है. अब इस तरह की समस्या नहीं आएगी.
भूपेंद्रकुमार दीक्षित, सीएमओ, नपा शाजापुर

Next Post

रुपया 12 पैसे मजबूत

Wed May 27 , 2026
मुंबई, 27 मई (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में बुधवार को रुपया 12.50 पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.58 रुपये का बोला गया। पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 44.50 पैसे टूटकर 95.7050 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। रुपया आज 10 पैसे की मजबूती […]

You May Like

मनोरंजन