नौसेना को मिला सातवां और पी-17 ए श्रेणी का अंतिम स्टील्थ फ्रिगेट ‘विंध्यगिरि’

नई दिल्ली, 27 नवम्बर (वार्ता) परियोजना पी-17 ए के तहत निर्मित नीलगिरि श्रेणी का सातवां और अंतिम स्टील्थ फ्रिगेट ‘विंध्यगिरि’ शुक्रवार को नौसेना के बेड़े में शामिल हो गया। कोलकाता में गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (जीआरएसई) ने इसे नौसेना को सौंपा। इसके साथ ही परियोजना के तहत सभी सात युद्धपोतों की आपूर्ति पूरी हो गई है। इसे युद्धपोतों के स्वदेशी डिजाइन और निर्माण में आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
विंध्यगिरि’ इस श्रेणी का तीसरा युद्धपोत है, जिसका निर्माण जीआरएसई ने किया है। परियोजना पी-17ए के तहत बने ये फ्रिगेट समुद्री क्षेत्र की मौजूदा और भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार किए गए बहुउद्देशीय युद्धपोत हैं। कर्नाटक की विंध्यगिरि पर्वत शृंखला के नाम पर इसका नाम रखा गया है। यह पहले के आईएनएस विंध्यगिरि का नया रूप है, जो लियेंडर श्रेणी का फ्रिगेट था और 8 जुलाई 1981 से 11 जून 2012 तक 31 साल भारतीय नौसेना में सेवा दे चुका था।

नौसेना के युद्धपोत डिजाइन ब्यूरो ने इसका डिजाइन तैयार किया है। पी-17ए श्रेणी के युद्धपोतों में आधुनिक हथियार और सेंसर लगाए गए हैं। इनमें शत्रु के सतही जहाजों, हवाई हमलों और पनडुब्बियों से निपटने की क्षमता है। इनका प्रणोदन तंत्र डीजल इंजन और गैस टर्बाइन पर आधारित है। साथ ही इनमें आधुनिक एकीकृत प्लेटफॉर्म प्रबंधन प्रणाली भी लगी है। पहले युद्धपोत आईएनएस नीलगिरि की आपूर्ति के बाद 23 महीने के भीतर सभी सात फ्रिगेट नौसेना को मिल चुके हैं। पहले युद्धपोत के निर्माण में 84 महीने लगे थे, जबकि विंध्यगिरि का निर्माण 68 महीने में पूरा किया गया। परियोजना में 75 प्रतिशत स्वदेशी सामग्री का इस्तेमाल हुआ है। इसमें 200 से अधिक सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) ने भागीदारी की है। इससे करीब चार हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 10 हजार से अधिक लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिला है।

.....

Next Post

एमडी ड्रग्स तस्करी में छह महीने से फरार 10 हजार का इनामी अमन गिरफ्तार

Fri Nov 27 , 2026
इंदौर. एमडी ड्रग्स की तस्करी में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी पुलिस की जांच सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी थी. करीब छह महीने पहले 23.73 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पकड़े गए चार आरोपियों से पूछताछ में देवास के एक युवक की भूमिका सामने आई थी. घटना […]

You May Like

मनोरंजन