सतना: उमरिया जिले के बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान से भटककर मैहर जिले में पहुंचे ई-5 हाथी के आतंक से गांव के लोग पिछले 20 दिन से दहशत में हैं। फसल-मकानों को नुकसान के साथ साथ जन हानि की आशंका भी बनी हुई है। जिसे देखते हुए ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी है कि यदि 3 दिन में समाधान नहीं मिला तो वे आंदोलन की राह पकड़ेंगे।
रामनगर गोरसरी पहाड़ समेत कैमोर जंगल से लगे करीब 20 गांवों में पिछले 15 दिनों से जंगली हाथी ई-5 की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाथी द्वारा फसलों और मकानों को नुकसान पहुंचाए जाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम रामनगर एसडीएम एसपी मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने हाथी का सुरक्षित रेस्क्यू फसल व मकान क्षति का मुआवजा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है। ज्ञापन में 3 दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। इस दौरान गोरसरी सरपंच वकील यादवेंद्र सिंह भाजपा बड़वार मंडल अध्यक्ष विष्णुकांत पांडे, जान्हवी तिवारी स्थानीय जनप्रतिनिधि, वकील एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
