खरगोन, 24 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश के खरगोन स्थित महेश्वर में आज कांग्रेस नेताओं के द्वारा ‘संविधान बचाओ रैली’ निकाली गई जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार रैली में मध्यप्रदेश कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव संजय दत्त, पूर्व मंत्री बाला बच्चन, पूर्व मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष रवि जोशी, विधायक सुश्री झुमा सौलंकी, केदार डावर, राजेंद्र मंडलोई, मोंटू सोलंकी, पूर्व विधायक पांचीलाल मेड़ा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि नाईक सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संविधान बचाओ रैली में कांग्रेसजनों ने भाग लेकर लोकतंत्र, संविधान और देश की मूल आत्मा की रक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। वक्ताओं ने कहा कि आज देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर खतरा मंडरा रहा है, और ऐसे समय में संविधान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। कांग्रेस पार्टी हमेशा से संविधान की भावना, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की पक्षधर रही है और आगे भी संघर्ष करती रहेगी।
संविधान बचाओ रैली ने यह संदेश दिया कि देश की आत्मा को बचाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी तरह से एकजुट हैं और संघर्ष को तैयार हैं।

