जबलपुर: मदन महल थाना क्षेत्र में देर रात एक होटल के बाहर से युवक की यामाहा बाइक चोरी हो गई। पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद दोस्तों के साथ मिलकर फिल्मी स्टाइल में चोर को रंगे हाथों धर दबोचा। जानकारी के अनुसार, गुप्तेश्वर निवासी विकास विश्वकर्मा देर रात करीब 12 बजे अपने दोस्तों के साथ खाना खाने के लिए मदन महल स्थित जमघट होटल गया था जब सभी दोस्त खाना खाकर बाहर निकले, तो विकास की यामाहा बाइक गायब थी। काफी तलाश करने के बाद भी जब गाड़ी नहीं मिली, तो थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
थाने में रिपोर्ट लिखने के बाद विकास और उसके दोस्त हाथ पर हाथ धरकर नहीं बैठे। उन्होंने ठान लिया था कि वे अपनी बाइक ढूंढकर ही रहेंगे। युवकों ने अपनी गाड़ियां निकालीं और शहर के उन इलाकों की तरफ निकल पड़े जहाँ चोरी के वाहन खपाए जाने की आशंका रहती है। दोस्तों की टोली जब तीन पत्ती चौक के पास पहुंची, तो उन्हें एक संदिग्ध युवक चोरी हुई बाइक के साथ खड़ा दिखाई दिया। विकास और उसके दोस्तों ने उसे दबोच पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
