नबीन ने रूसी राजदूत से की मुलाकात; भारत-रूस के दीर्घकालिक संबंधों पर दिया जोर

नयी दिल्ली, 01 सितंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में रूसी संघ के राजदूत डेनिस अलीपोव से मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने भारत-रूस के दीर्घकालिक संबंधों के लचीलेपन और आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन सहित अन्य उच्च स्तरीय वार्ताओं पर चर्चा की।

भाजपा के विदेश मामलों के विभाग के प्रभारी विजय चौथाईवाले के यहां जारी एक बयान के अनुसार, यह बातचीत भारत और रूस के “समय की कसौटी पर खरे उतरे” संबंधों पर केंद्रित रही।

श्री नबीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच मजबूत व्यक्तिगत समझ और विश्वास का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नियमित उच्च स्तरीय संपर्कों ने द्विपक्षीय संबंधों को निरंतर गति प्रदान की है।

श्री नबीन ने राजदूत अलीपोव के भारत के साथ लंबे जुड़ाव और दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान की भी सराहना की।

बयान के अनुसार, “हाल ही में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच हुई मुलाकात पर भी चर्चा की गई। श्री नबीन ने भारत-रूस संबंधों के निरंतर मजबूत होने पर आशा व्यक्त की और आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के संदर्भ में आगे की उच्च स्तरीय बैठकों की उम्मीद जताई।”

दोनों पक्षों ने जन-दर-जन संबंधों को भारत-रूस संबंधों के एक स्थायी स्तंभ के रूप में बल दिया। राजदूत अलीपोव ने रूस में योगदान देने के लिए कुशल भारतीय पेशेवरों की बढ़ती क्षमता पर प्रकाश डाला।

श्री अलीपोव ने असम और पश्चिम बंगाल में भाजपा की हालिया चुनावी सफलताओं पर श्री नबीन और पार्टी को बधाई दी। उन्होंने भाजपा की संगठनात्मक ताकत और जमीनी स्तर पर इसकी गहरी उपस्थिति की सराहना की। इसके अलावा, उन्होंने देश भर के नागरिकों के साथ सीधा संवाद बनाए रखने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की ‘मन की बात’ पहल की भी प्रशंसा की।

श्री चौथाईवाले के अनुसार,श्री नबीन ने भाजपा की संगठनात्मक यात्रा, जमीनी ढांचे और कार्यप्रणाली का विवरण साझा किया। उन्होंने पार्टी के सदस्यों और कार्यकर्ताओं के व्यापक नेटवर्क, इसके मोर्चों और विभागों, हाल ही में गठित राष्ट्रीय टीम और चुनावों से इतर निरंतर संगठनात्मक गतिविधियों पर भाजपा के जोर के बारे में बात की।

Next Post

2030 तक बिहार में एक करोड़ रोजगार और नौकरी के अवसर सृजित करने का लक्ष्य : सम्राट चौधरी

Tue Sep 1 , 2026
मोतिहारी, 01 सितंबर (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को कहा कि सरकार वर्ष 2030 तक राज्य में एक करोड़ रोजगार और नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है और युवा पीढ़ी के सपनों के अनुरूप बिहार का निर्माण किया जाएगा। श्री चौधरी […]

You May Like

मनोरंजन