बजाज फिनसर्व का दूसरी तिमाही का मुनाफा 25.4 प्रतिशत बढ़कर 5,952 करोड़ रुपये पर

मुंबई, 03 नवंबर (वार्ता) बीमा और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) बजाज फिनसर्व को चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर 2026) में समेकित आधार पर 5,952 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है जो एक साल पहले की समान तिमाही से 25.4 प्रतिशत अधिक है।
बजाज फिनसर्व के निदेशक मंडल की मंगलवार को हुई बैठक के बाद वित्तीय परिणामों की घोषणा की गयी। कंपनी ने बताया कि दूसरी तिमाही में उसका समेकित राजस्व 16.7 प्रतिशत बढ़कर 43,416 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का एकल नेटवर्थ 29.1 फीसदी बढ़कर 12,902 करोड़ रुपये और समेकित नेटवर्थ 9.8 प्रतिशत बढ़कर 83,974 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी ने बताया कि पूरे समूह का बाजार पूंजीकरण 10.40 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। पिछले 10 साल में इसकी औसत सालाना वृद्धि दर 28 प्रतिशत रही है। समूह के पास प्रबंधनाधीन परिसंपत्ति आठ लाख करोड़ रुपये को पार कर गयी है।
कंपनी ने बताया कि तिमाही के दौरान ब्याज से प्राप्त कुल कमाई 23,824 करोड़ रुपये रही। पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में यह 19,599 करोड़ रुपये था। शुल्क और कमीशन से उसकी आमदनी 15.4 फीसदी बढ़कर 1,791 करोड़ रुपये हो गयी। बीमा कारोबार से प्राप्त आय 18,530 करोड़ रुपये रही। इसमें 16.3 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।

Next Post

ट्रांसपोर्ट नगर के पास आवारा कुत्तों के हमले से घायल हुआ कृष्णमृग, चिड़ियाघर की टीम ने किया रेस्क्यू

Tue Nov 3 , 2026
ग्वालियर। मुरैना टोल प्लाजा और ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक कुएं के पास घायल अवस्था में मिले कृष्णमृग को निगम की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर गांधी प्राणी उद्यान पहुँचा दिया है। जू क्यूरेटर गौरव परिहार ने बताया कि चिड़ियाघर प्रबंधन को सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मुरैना टोल […]

You May Like