मुंबई, 30 सितंबर (वार्ता) इंडियन रियल एस्टेट निवेश ट्रस्ट (आईआरए) ने सोमवार को वैश्विक आरईआईटी (रियल एस्टेट इनवेस्टमेंट ट्रस्ट) में शामिल होने की घोषणा की है।
वैश्विक संस्था में शामिल होने से आईआरए को वैश्विक स्तर पर विस्तार और अपने-आप को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। स्वीडन के स्टॉकहोम में इसी साल इस अलायंस का गठन किया गया था। इसमें 24 देश और क्षेत्र शामिल हैं।
आईआरए की कार्यकारी समिति की सदस्य और माइंडस्पेस बिजनेस पार्क की मुख्य वित्तीय अधिकारी प्रीति छेडा ने कहा, “वैश्विक आरईआईटी अलायंस की सदस्यता भारतीय आरईआईटी बाजार के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह अलायंस वैश्विक आरईआईटी समुदाय और एक-दूसरे के बाजार की जानकारी साझा करने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है।”
वैश्विक आरईआईटी अलायंस के प्रवक्ता पीटर वर्वर ने आईआरए का स्वागत करते हुये कहा कि भारतीय रियल एस्टेट निवेश ट्रस्ट बाजार ने तुलनात्मक रूप से कम समय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। उन्होंने कहा, “हम मिलकर वैश्विक आरईआईटी पारिस्थितिकी को मजबूत बनायेंगे, निवेशकों की भागीदारी का विस्तार करेंगे और विश्वसनीय तथा पारदर्शी परिसंपत्ति वर्ग के रूप में आरईआईटी का संवर्धन करेंगे।”

