
ग्वालियर। मुरैना टोल प्लाजा और ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक कुएं के पास घायल अवस्था में मिले कृष्णमृग को निगम की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर गांधी प्राणी उद्यान पहुँचा दिया है।
जू क्यूरेटर गौरव परिहार ने बताया कि चिड़ियाघर प्रबंधन को सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मुरैना टोल प्लाजा के पास एक कुएं के नजदीक एक घायल हिरण देखा गया है, जिसके पीछे आवारा कुत्ते पड़े हुए हैं। वन्यप्राणी पर मंडरा रहे खतरे की सूचना मिलते ही गांधी प्राणी उद्यान से एक चार सदस्यीय विशेषज्ञ दल मौके के लिए रवाना हुआ और घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जांच करने पर पता चला कि घायल वन्यजीव कृष्णमृग है, जिसके पैर और गर्दन के नीचे गंभीर घाव थे। टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए सुरक्षित तरीके से उसका सफल रेस्क्यू किया। रेस्क्यू किए गए कृष्णमृग को सुरक्षित रूप से गांधी प्राणी उद्यान लाया गया है। वर्तमान में उसे आइसोलेशन वार्ड में रखकर अलग से उसकी विशेष देखरेख और स्वास्थ्य निगरानी की जा रही है।
