न्यू ईयर पर खाकी को दो टूक फरमानः मैदान में दिखो, चूक हुई तो अफसर नपेंगे 

इंदौर. नए साल के जश्न से पहले इंदौर पुलिस कमिश्नर ने खाकी को सख्त अलर्ट पर डाल दिया है. कानून व्यवस्था में किसी भी तरह की ढिलाई न हो, इसके लिए पुलिस कमिश्नर ने साफ निर्देश दिए हैं कि सभी थानों के टीआई, एसीपी और एडिशनल डीसीपी रात डेढ़ बजे तक मैदान में मौजूद रहेंगे. फील्ड में सक्रियता की पुष्टि के लिए अधिकारियों को मौके से फोटो भेजना अनिवार्य किया है.

सीएम मोहन यादव के प्रभार वाले जिले इंदौर में लॉ एंड ऑर्डर सुधारने को लेकर पुलिस कमिश्नर लगातार सख्ती बरत रहे हैं. इसी कड़ी में न्यू ईयर को देखते हुए यह स्पष्ट कर दिया है कि अब किसी भी घटना की जिम्मेदारी सिर्फ टीआई तक सीमित नहीं रहेगी. यदि क्षेत्र में कोई वारदात होती है तो संबंधित एसीपी और एडीसीपी की भी जवाबदेही तय की जाएगी. सीपी ने सभी थाना क्षेत्रों में बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और बाउंड ओवर की प्रक्रिया बिना किसी कोताही के लागू करने के निर्देश देने के साथ ही सूचीबद्ध बदमाशों पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं. वहीं न्यू ईयर पर हुड़दंग और ड्रिंक एंड ड्राइव की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष प्लान तैयार किया है. सभी थाना क्षेत्रों में बार और रेस्टारेंट्स की सूची बनाई गई है. प्रमुख सड़कों और चौराहों पर ब्रीथ एनालाइजर के साथ सघन जांच की जाएगी. औसतन दो से तीन किलोमीटर के अंतर पर वाहन चालकों की चेकिंग होगी, ताकि शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई हो और किसी भी तरह की दुर्घटना को रोका जा सके.

Next Post

आईजी उमेश जोगा ने नीमच में की अपराधों की समीक्षा  

Mon Dec 29 , 2025
नीमच। उज्जैन रेंज के आईजी उमेश जोगा रविवार रात नीमच पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के आला अधिकारियों के साथ लंबी समीक्षा बैठक की। बैठक में सालभर के अपराधों का लेखा-जोखा लिया गया और विशेष रूप से 1 जनवरी 2025 से पहले लंबित मामलों की स्थिति […]

You May Like