गाजा, 31 मई (वार्ता) हमास ने कहा है कि वह पश्चिम एशिया के लिए अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ की ओर से पेश किए गए गाजा युद्ध विराम प्रस्ताव के बारे में फिलिस्तीनी बलों और गुटों के साथ परामर्श कर रहा है।
नाम न बताने की शर्त पर हमास के एक सूत्र ने शुक्रवार को कहा कि परामर्श का उद्देश्य प्रस्ताव के विवरण की जांच करना और अंतिम स्थिति निर्धारित करने से पहले फिलिस्तीनी हितों के साथ इसकी अनुकूलता सुनिश्चित करना है। इजरायल के सरकारी स्वामित्व वाले कान टीवी समाचार ने बताया कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को कहा कि उनकी सरकार गाजा युद्ध विराम और बंधकों की रिहाई के लिए श्री विटकॉफ के प्रस्ताव को स्वीकार करती है। एक वरिष्ठ इजरायली अधिकारी के हवाले से बताया कि प्रस्ताव में दो चरणों में 10 जिंदा बंधकों और 18 शवों को सौंपे जाने के बदले में गाजा में 60 दिनों का युद्ध विराम शामिल है। इजरायल 180 फिलिस्तीनियों के शवों के साथ 1,236 फिलिस्तीनी बंदियों और कैदियों को रिहा करेगा।
हमास के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य बासम नैम ने एक बयान में कहा कि आंदोलन को अमेरिकी प्रस्ताव पर इजरायल की प्रतिक्रिया मिल गई है। इजरायल की स्थिति फिलिस्तीन की मुख्य मांगों को संबोधित करने में विफल रही है, जिसमें शत्रुता की पूर्ण समाप्ति और गाजा पर लंबे समय से चली आ रही नाकाबंदी को हटाना शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव किसी भी अस्थायी युद्धविराम के दौरान भी ‘कब्जे’ और मानवीय पीड़ा को जारी रखने की अनुमति देगा।

