ऑपरेशन सिंदूर के बाद मोदी आज भाेपाल में लाखों महिलाओं के बीच, जारी करेंगे 300 रुपए का सिक्का

भोपाल, 31 मई (वार्ता) लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में ‘महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन’ में लाखों महिलाओं से संवाद करते हुए देवी अहिल्या की स्मृति में 300 रुपए का विशेष सिक्का जारी करेंगे।

श्री मोदी की मौजूदगी वाले इस भव्य समारोह में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस सम्मेलन में राज्य भर से करीब ढाई लाख महिलाओं के शामिल होने का दावा किया जा रहा है।

अपने भोपाल प्रवास के दौरान श्री मोदी देवी अहिल्याबाई होलकर को समर्पित एक स्मारक डाक टिकट जारी करेंगे। इसके साथ ही वे देवी अहिल्याबाई होलकर को समर्पित 300 रुपए का विशेष स्मृति सिक्का जारी करेंगे, जिसमें अहिल्याबाई की छवि अंकित होगी।

प्रधानमंत्री श्री मोदी जनजातीय, लोक और पारंपरिक कलाओं में योगदान देने वाली महिला कलाकार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय देवी अहिल्याबाई पुरस्कार से सम्मानित करेंगे।

राज्य को वे कई सौगातें देंगे, जिसमें दतिया और सतना में दो नए हवाई अड्डे भी शामिल हैं, जिनका वे वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री इंदौर मेट्रो की येलो लाइन के सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर पर यात्री सेवाओं की भोपाल से वर्चुअली शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री भोपाल से 1,271 अटल ग्राम सुशासन भवनों के निर्माण के लिए 480 करोड़ रूपए की पहली किश्त का हस्तांतरण करेंगे।

Next Post

शातिर चोर को जीआरपी ने पकड़ा, लाखों के जेवरात बरामद

Sat May 31 , 2025
जबलपुर: रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में चोरी करने वाले शातिर आरोपी आयुष को जीआरपी द्वारा पकड़ा गया। जिसके कब्जे से लाखों के जेवरात बरामद किए गए। रेलवे स्टेशन जबलपुर में जीआरपी एवं आरपीएफ शाखा जबलपुर के द्वारा संयुक्त चेकिंग अभियान में प्लेटफार्म नं. 6 के इटारसी छोर पर आयूष तिवारी […]

You May Like