भारतीय सेना के पराक्रम के आगे गिड़गिड़ाना पड़ा पाकिस्तान को:मोदी

भारतीय सेना के पराक्रम के आगे गिड़गिड़ाना पड़ा पाकिस्तान को:मोदी

कानपुर 30 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेनाओं के पराक्रम की सराहना करते हुए शुक्रवार को कहा कि इसी के चलते पाकिस्तान को युद्ध रोकने के लिए गिड़गिड़ाना पड़ा।

उन्होंने दोहराया कि भारत अब आतंकवादियों और उनकी की सहायता करने वाली सरकार को एक जैसा ही मानती है। श्री मोदी यहां कानपुर में विकास की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज उत्तम प्रदेश बनने की दिशा में तेज गति से अग्रसर है।

प्रधानमंत्री नेऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि इसे केवल स्थगित किया गया है और यह अभी खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा , ‘‘ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जो दुश्मन गिड़गिड़ा रहा था, वो किसी धोखे में न रहे। यह ऑपरेशन अभी खत्म नहीं हुआ है।’’

श्री मोदी ने कहा, ‘हमारी सेना ने ऐसा पराक्रम किया कि पाकिस्तानी सेना को गिड़गिड़ा कर युद्ध रोकने की मांग करने पर मजबूर होना पड़ा।” उन्होंने कहा कि वह स्वतंत्रता संग्राम की धरती कानपुर से भारतीय सशत्र बलों के इस शौर्य को बार-बार सैल्यूट करते हैं।

श्री मोदी ने कहा कि भारत ने आतंक के खिलाफ अपनी लड़ाई में तीन सूत्र स्पष्ट रूप से तय किए हैं , “ भारत हर आतंकी हमले का करारा जवाब देगा, उसका समय, तरीका और शर्तें हमारी सेनाएं खुद तय करेंगी। भारत अब एटम बम की गीदड़भभकी से नहीं डरेगा और न ही उसके आधार पर कोई फैसला लेगा। आतंक के आका और आतंक की सरपरस्त सरकार को भारत एक ही नजर से देखेगा।” उन्होंने कहा , “ पाकिस्तान का स्टेट (सरकार)और नॉन स्टेट ( सरकार से बाहर के ) एक्टर का खेल अब चलने वाला नहीं है।

अगर मैं सीधे-सीधे कानपुरिया में कहूं कि दुश्मन कहीं भी हो, होंक दिया जाएगा।”

प्रधानमंत्री ने कहा , ‘ हमारे भारतीय हथियारों ने और ब्रह्मोस मिसाइल ने दुश्मन के घर में घुसकर तबाही मचाई है। यह ताकत हमें आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से मिली है। एक समय था, जब भारत सैन्य जरूरतों के लिए, अपनी रक्षा के लिए दूसरे देशों पर निर्भर था। हमने उन हालातों को बदलने की शुरुआत की है।”

Next Post

30 जून तक कर सकते हैं एनपीएस ग्राहक यूपीएस के अतिरिक्त लाभ का दावा

Fri May 30 , 2025
नयी दिल्ली 30 मई (वार्ता) केंद्र सरकार के नेशनल पेंशन स्कीम (एनपीएस) ग्राहक जो 31 मार्च 2025 को या उससे पहले न्यूनतम 10 वर्ष की अर्हक सेवा के साथ सेवानिवृत्त हुए हैं वे 30 जून 2025 तक पहले से दावा किए गए एनपीएस लाभों के अलावा एकीकृत पेंशन योजना (यूपीएस) […]

You May Like