
ग्वालियर। समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सदस्य एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन एवं सपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव के नेतृत्व में 9 जून को ग्वालियर में धरना दिया जाएगा। विशेष अतिथि के रूप में बादशाह सिंह, पूर्व मंत्री, उत्तर प्रदेश उपस्थित रहेंगे।
सपा ने आज बयान जारी कर कहा कि ग्वालियर में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना को जो विरोध मनुवादी मानसिकता के तहत किया जा रहा है, वह न केवल भारतीय संविधान और बाबा साहब के सम्मान का अपमान है, बल्कि यह सामाजिक न्याय, समता, बंधुता और लोकतंत्र की मूल आत्मा पर सीधा हमला है। यह विरोध संविधान को कमजोर करने और पीढ़ियों की मेहनत से खड़ी की गई संवैधानिक व्यवस्था को ध्वस्त करने का प्रयास है। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश श्री सुरेश कुमार कैथ ने इस प्रकरण पर स्पष्ट आदेश जारी करते हुए कहा कि यदि भारत के सर्वोच्च न्यायालय परिसर में बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित की जा सकती है, तो ग्वालियर उच्च न्यायालय परिसर में क्यों नहीं?
यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि न्यायालय के इस स्पष्ट आदेश के बावजूद अब तक उस आदेश का पालन नहीं किया गया है।
