
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के सानौधा थाना क्षेत्र अंतर्गत परसोरिया गांव में टहलने निकले एक बुजुर्ग को अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज गुरुवार की सुबह परसोरिया निवासी 70 वर्षीय चाचा जुम्मन खान रोज की तरह सुबह करीब 4 बजे टहलने निकले थे। सुबह 5 बजे परिजनो को सूृचना मिली कि परसोरिया से सागर रोड पर पेट्रोल पंप के पास उनके चाचा लहूलुहान हालत में पड़े हैं। मौके पर जाकर देखा तो चाचा की सांसें थम गईं थीं। घटना के बाद मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई, पुलिस ने शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच मे ले लिया।
मृतक के भतीजे महबूब खान ने बताया कि जब वह अपने चाचा का शव जिला अस्पताल में पीएम कराने के लिए ले गए तो वहां तैनात युवक ने उनसे किट के लिए पहले 1000 रुपए मांगे। महबूब खान ने उसे 200 रुपए होने की बात कही तो युवक ने 500 रुपए से कम न लेने का बोला। इस बीच सानौधा थाने के एक आरक्षक ने वीडियो बनाया तो आरोपी युवक ने मोबाइल झपटने की कोशिश की।
वहीं मामले की शिकायत जब आरक्षक ने अस्पताल प्रबंधन से की तो आरएमओ डॉ. अभिषेक ठाकुर ने स्पष्ट किया कि पीएम के लिए कोई पैसे नहीं लगते लेकिन विसरा रखने के लिए एक बॉटल पुलिस को लानी होती है। पीएम हाउस के पास वह शिकायत नंबर चस्पा कर रहे हैं, यदि कोई पीएम के लिए पैसे मांगे तो परिजन शिकायत कर सकते हैं।
