नयी दिल्ली /शिलांग, 23 सितंबर (वार्ता) मेघालय के यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) के आठ विधायक बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित समारोह के दौरान इन विधायकों को पार्टी की सदस्यता दिलायी। भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों में मेघालय के शिक्षा मंत्री लखमेन रिम्बुई, सर्वश्री काइरमेन श्यल्ला, मायरालबॉर्न सिएम, पियस मारवेइन, बालाजीदकुपर सिनरेम, ओलन सिंग सुइन, सिनशर लिंगदोह थबाह और मैथ्यू बियॉन्डस्टार कुर्बाह शामिल हैं। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा, मेघालय भाजपा के अध्यक्ष रिकमैन मोमिन और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
श्री रिम्बुई ने कहा कि उनका यह कदम राज्य के हित में है, क्योंकि केंद्र में सत्ताधारी पार्टी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि उनकी मुख्य मांगें पूरी की जाएंगी। उन्होंने कहा, “यह कोई अचानक हुआ घटनाक्रम नहीं है। बातचीत काफी समय से चल रही थी। कई युवा विधायक भाजपा में शामिल होना चाहते थे क्योंकि वे समाज में योगदान देना चाहते है और मेघालय से जुड़े मुद्दों को हल करना चाहते थे।”
इसके बाद 60 सदस्यों वाली मेघालय विधानसभा में भाजपा विधायकों की संख्या बढ़कर दस हो गयी। भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों को जिन अहम मुद्दों पर समाधान की उम्मीद है, उनमें संविधान की आठवीं अनुसूची में खासी और गारो भाषाओं को संवैधानिक मान्यता दिलाना, मेघालय में कोयला खनन प्रक्रियाओं को आसान बनाने के लिए ‘मेघालय निवासियों की सुरक्षा और संरक्षा अधिनियम’ (एमआरएसएसए) में संशोधन करना और राज्य का सीमा विवाद शामिल है।
श्री रिमबुई ने कहा, “केंद्रीय नेतृत्व ने इन सभी मुद्दों और अन्य मामलों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है और वे समय के साथ इन पर कार्रवाई करेंगे। इसीलिए हम आज पार्टी में शामिल हो रहे हैं।” उल्लेखनीय है कि 2023 के मेघालय विधानसभा चुनावों में दो सीटें जीतने वाली भाजपा के विधायकों की संख्या अब बढ़कर दस हो गयी है, जिससे वह 60 सदस्यों वाली विधानसभा में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गयी है, जबकि यूडीपी विधायकों की संख्या घटकर चार रह गयी है। यूडीपी और भाजपा दोनों ही नेशनल पीपल्स पार्टी (एनपीपी) के नेतृत्व वाली मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस 2.0 सरकार में सहयोगी हैं।
मेघालय विधानसभा में एनपीपी के पास 33 विधायक हैं, जिससे उसे बहुमत हासिल है।
