
बालाघाट। पुलिस की साइबर सेल ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए मोबाइल फोन गुम आवेदनों की जांच कर एवं CEIR पोर्टल की मदद से 155 गुम हुए मोबाइल फोन सफलतापूर्वक खोज निकाले हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग ₹23 लाख 25 हजार रुपये है।
जिसके बाद मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को लौटाए गए, जिससे आवेदकों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई । कई लोगों के लिए ये मोबाइल न केवल संचार का साधन थे, बल्कि पढ़ाई, व्यवसाय और निजी जीवन से जुड़ी अहम जानकारियों का आधार भी थे।
पुलिस अधीक्षक नगेंद्र सिंह ने कहा CEIR पोर्टल आधुनिक तकनीक का उपयोग कर गुम मोबाइल खोजने का एक प्रभावी माध्यम है। बालाघाट पुलिस तकनीक और सेवा के समन्वय से आमजन को राहत पहुँचाने का निरंतर प्रयास कर रही है। यह सफलता हमारी टीम की सतर्कता और जनता के सहयोग का नतीजा है। हम न केवल मोबाइल लौटा रहे हैं, बल्कि लोगों की उम्मीदें और भरोसा भी वापस ला रहे हैं।
