11 दिन का आतंक खत्म, शावक सहित पिंजरे में कैद हुई मादा तेंदुआ

सीहोर। बीते 11 दिन से आष्टा तहसील के ग्राम पाड़ल्या सहित आसपास के ग्रामों में आतंक का पर्याय बन चुकी मादा तेंदुआ आखिरकार सोमवार की देर रात पिंजरे में आ फंसी. मंगलवार की सुबह जब वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे तो पिंजरे में मादा तेेंदुआ अपने शावक के साथ कैद मिली. दोनों का स्वास्थ्य परीक्षण के बाद रोलागांव के जंगल में छोड़ दिया गया.

उल्लेखनीय है कि गत 16 मई को आष्टा तहसील के ग्राम पाड्ल्या में वन्यप्राणी तेंदुआ की मूवमेंट मिली थी. अगले दिन 17 मई को वन विभाग द्वारा पाड़ल्या नाले के समीप पिंजरा लगाया था, लेकिन तेंदुआ इतना घाघ था कि वह पिंजरे के पास फटका तक नहीं. दो दिन बाद पाड़ल्या के नजदीकी ग्राम बड़ल्या में तेंदुए की मूवमेंट देखने को मिली. हिंसक वन्य प्राणी तेंदुए द्वारा लगातार मवेशियों का शिकार किया जा रहा था. जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था. वह रात को बाहर निकलने से घबरा रहे थे तो दिन में भी समूह बनाकर ही खेतों पर जाने की हिम्मत जुटा पा रहे थे.

लंबे इंतजार के बाद पिंजरे में कैद हुई मादा तेंदुआ

मंगलवार की सुबह जब वन विभाग की टीम पिंजरे का मुआयना करने पहुंची तो सभी वनकर्मी हर्ष मिश्रित आश्चर्य से भर गए. पिंजरे में मादा तेंदुआ और उसका शावक कैद मिला. वनकर्मियों ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत इसकी सूचना दी. इसके बाद मादा तेंदुआ और उसके शावक का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया. परीक्षण में दोनों स्वस्थ पाए जाने पर दोनों को रोलागांव के जंगल में छोड़ दिया गया. इस ऑपरेशन में रेंजर नवनीत झा, डिप्टी रेंजर छगनसिंह भिलाला, शैलेष कुमार सिंह, रमेशचंद्र गहरवाल, मनीष मोहन पांडेय, वन रक्षक चंचल चंदेल, बहादुरसिंह ठाकुर, कपिल यादव, राहुल परमार, फैजल बर्नी, हुकुम परमार, राजेश जाटव, कैलाश वर्मा, रामसिंह, दरियाब सिंह, मायाराम आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही. हिंसक वन्य प्राणी तेंदुआ व उसके शावक के पकड़े जाने पर पाड़ल्या सहित आसपास के दर्जन भर ग्रामों के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है.

जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया है

बीते कई दिन से ग्रामीण क्षेत्रों में वन्य प्राणी तेंदुए का मूवमेंट देखा जा रहा था. हमारे द्वारा नाले किनारे के एक खेत के समीप पिंजरा लगाया गया था. मंगलवार की सुबह उसमें मादा तेंदुआ और उसका शावक कैद हो गए. दोनों को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया है.

शैलेष कुमार सिंह,

वन परिक्षेत्र सहायक

Next Post

किराना दुकान में चोरों ने मचाया धमाल

Tue May 27 , 2025
सीहोर. पुलिस की रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था को चुनौती देते हुए चोरों ने बीती रात लुनिया चौराहा स्थित एक किराना दुकान के शटर का ताला तोड़ते हुए अंदर रखे हजारों रुपए की नगदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया. समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर प्रकरण […]

You May Like