
शुजालपुर। नवतपा में जहां आसमान से गर्मी के रूप में आग बरसती है वहीं बदले हुए मौसम के मिजाज के कारण तेज हवा व पानी बरस रहा है, इस बदले हुए मौसम के कारण दुर्घटनाएं व घटनाएं भी हो रही है. मंगलवार की दोपहर को शहर के बाहर चली तेज हवा के कारण नेशनल हाइवे पर पचोर की और जा रही एक बस अनियंत्रित होकर सडक़ से नीचे उतर हुई और पलटी खा गई. साथ ही रायपुर रोड पर सडक़ किनारे खडी स्कूल बस पलटने से क्षतिग्रस्त हो गई.
सिटी पुलिस से मिली जानकारी अनुसार श्री गौराजी बस सर्विस वाहन क्रमांक एमपी 15 पीए 0212 मंगलवार की दोपहर 2 बजे शुजालपुर पचोर मार्ग पर बिजली ग्रिड के समीप पलटी खा गई, पुलिस को बस चालक आनंद सोनी पिता प्रेमनारायण सोनी निवासी जंगीबढ़ ने आवेदन देते हुए बताया कि यह बस कुरावर से शुजालपुर के मध्य चलती है और विद्युत ग्रिड व पेट्रोल पंप के मध्य आंधी, पानी व तेज हवा के कारण पलटी खा गई. बताया जाता है कि बस में लगभग 15 यात्री थे, जिसमें से 5 यात्रियों को चोटे आई. इन पांच में से एक महिला नसीमा बी निवासी जामनेर को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया. उधर रायपुर रोड पर सडक़ के किनारे खडी गायत्री स्कूल की बस भी तेज हवा के कारण पलटी खा गई. इस घटना के दौरान बस में कोई नहीं था, हालांकि बस पलटने से उसमें नुकसान हुआ. स्कूल संचालक ने पुलिस को आवेदन देते हुए बस पलटने की जानकारी दी.
