
भोपाल। बागसेवनिया थाना पुलिस ने सूने मकानों में रेकी कर चोरी की वारदात करने वाले छः शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के आभूषण बरामद किए हैं, जिसकी कीमत लगभग 12 लाख रूपये है. घटना में प्रयुक्त दो वाहन को भी जब्त किया है.
मिली जानकारी के अनुसार फरियादी विष्णु पारीक (32) निवासी गुलाबी नगर फेज 2 ने रिपोर्ट दर्ज कराई. फरियादी ने बताया कि बीते 17 दिसंबर को उनका परिवार शहर से बाहर गया था. 23 दिसंबर को घऱ पहुंचने पर विष्णु ने देखा कि मेन गेट का ताला टूटा था. अंदर के सभी दरवाजे खुले थे और अलमारी के ताला टूटा मिला और पूरा सामान बिखरा था. आलमारी में रखी ज्वैलरी सहित अन्य कीमती सामान अज्ञात चोर ले गए. फरियादी ने मामले की शिकायत तुंरत थाने में की. एक अन्य फरियादी विजय मोहन चौधरी (63) ने भी घर में चोरी की वारदात को लेकर 24 सितंबर को दर्ज कराई थी. दोनों ही मामलों को संज्ञान में लेकर पुलिस चोरों की तलाश कर रही थी.
तकनीकी साक्ष्य औऱ लगभग 50 सीसीटीव्ही कैमरों की फुटेज चेक करने के बाद पुलिस ने छः संदिग्धों की पहचान की. आरोपियों राहुल उर्फ सत्यम केवट, आयुष विश्वकर्मा, अण्णा साहेब, अंकुश अहिरवार,विशाल विश्वकर्मा और विशाल पवार से पुलिस ने पूछताछ की. आरोपियों ने मकानों में चोरी की वारदात को स्वीकार की. पुलिस ने आरोपियों के पास चोरी के आभूषणों को जब्त कर कार्रवाई की.
