
ग्वालियर। ग्वालियर के पांच युवक बानमौर में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे, तभी उनकी तेज रफ्तार कार एबी रोड पर श्रीराम कॉलेज के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। दुर्घटना में राहुल रजक (27) निवासी समाधिया कॉलोनी जनकगंज ग्वालियर और उमेश कुशवाह (29) निवासी न्यू रेलवे कॉलोनी, गांधी नगर ग्वालियर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल नूराबाद अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कार में सवार अन्य तीन युवक अल्पित झा, सराफत खान और विक्की सिंह व विशाल बाथम को हल्की चोटें आईं। कार तेज रफ्तार में थी, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन डिवाइडर से टकरा गया।
