छतरपुर जिले के चंदला क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मजरा कोरिनपुरवा के ग्रामीण आज मंगलवार को सामूहिक रूप से कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे। दोपहर लगभग 12:30 बजे ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल जिला कलेक्टर से मिलने आया और ज्ञापन सौंपकर गांव में सड़क निर्माण की मांग रखी।
ग्रामीणों ने जनसुनवाई में बताया कि गांव तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क न होने से लोगों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में हालात और बिगड़ जाते हैं। कीचड़ और गड्ढों से भरे कच्चे रास्तों से न तो वाहन आसानी से निकल पाते हैं और न ही पैदल चलना संभव हो पाता है। इससे बच्चों की पढ़ाई, बीमार मरीजों को अस्पताल ले जाने और ग्रामीणों की रोजमर्रा की गतिविधियों पर सीधा असर पड़ता है।
गांव के बुजुर्गों और महिलाओं ने भी शिकायत की कि कई बार गर्भवती महिलाओं या गंभीर मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता क्योंकि एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती। ग्रामीणों ने कहा कि हर साल वे इस समस्या को उठाते हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की कि जल्द से जल्द गांव में पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए ताकि बुनियादी सुविधाएं बेहतर हों और लोगों को राहत मिल सके। उनका कहना है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े आंदोलन की राह भी अपनाने को मजबूर होंगे।
