
ब्यावरा। इस बार बुधवार एवं गुरुवार दो दिन मकर सक्रांति का पर्व रहा, किंतु अधिकांशत: जगह गुरुवार को पर्व मनाए जाने से आज मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ बुधवार की तुलना में दोगुना रही.
सुबह से ही मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर दर्शन, पूजा अर्चना कर दान पुण्य किया. दिन भर मंदिरों में भीड़ रही.
गौरतलब है कि 14 एवं 15 जनवरी दो दिन मकर सक्रांति का पर्व मनाया गया. गुरुवार को क्षेत्र के प्रसिद्ध घुरेल धाम पर जिले एवं दूर-दराज से हजारों की संख्या में लोग दर्शन करने पहुंचे. सुबह से श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरु हुआ जो रात तक जारी रहा. इसी तरह नगर के श्री अंजनीलाल मंदिर धाम, बीड़ मंदिर, प्राचीन शिवालयों, श्री बालाजी मंदिर, चर्तुभुजनाथ मंदिर, श्री बिहारीजी मंदिर, माँ वैष्णोदेवी मंदिर, काली माता मंदिर, चिंताहरण हनुमान मंदिर, सिंह वाहिनी मंदिर, श्री राधाकृष्ण मंदिर सहित सभी मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे.
नरसिंहगढ़ में उमड़ा सैलाब
राजगढ़ स्थित खोयरी धाम पर भी काफी भीड़ रही. नरसिंहगढ़ स्थित छोटे एवं बड़े महादेव सहित अन्य मंदिरों में जिले भर से हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया.
