रुपया 35 पैसे मजबूत

मुंबई, 26 मई (वार्ता) दुनिया की प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर में लगातार जारी गिरावट के बीच स्थानीय स्तर पर शेयर बाजार में आई जबरदस्त तेजी की बदौलत आज अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया 35 पैसे की तेजी के साथ 85.10 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया।

वहीं, इसके पिछले कारोबार दिवस रुपया 85.45 रुपये प्रति डॉलर पर रहा था।

कारोबार की शुरुआत में रुपया 40 पैसे की छलांग लगाकर 85.05 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और सत्र के दौरान आयातकों एवं बैंकरों की डॉलर बिकवाली से 84.78 रुपये प्रति डॉलर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। वहीं, लिवाली के दबाव में यह 85.21 रुपये प्रति डॉलर के निचले स्तर पर भी रहा। अंत में पिछले दिवस के 85.45 रुपये प्रति डॉलर की तुलना में 35 पैसे की मजबूती के साथ 85.10 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया।

डॉलर में लगातार कमजोरी के चलते सोमवार को रुपया मजबूत हुआ डॉलर सूचकांक इस दौरान 98.93 तक गिर गया, जिससे उभरती बाजार मुद्राओं को सहारा मिला। विश्लेषकों का मानना है कि इस सप्ताह अमेरिकी अर्थव्यवस्था से जुड़े प्रमुख आंकड़ों की घोषणा से डॉलर में अस्थिरता बढ़ सकती है। इनमें टिकाऊ वस्तुओं के ऑर्डर, फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक के मिनट्स, पहली तिमाही का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) आंकड़ा और कोर पीसीई मूल्य सूचकांक शामिल हैं, जिन्हें फेडरल रिजर्व द्वारा महंगाई के प्राथमिक संकेतक के रूप में देखा जाता है।

जानकारों के अनुसार, इन आंकड़ों का असर डॉलर की दिशा और फेड की ब्याज दर नीति पर पड़ेगा, जिससे विदेशी मुद्रा बाजारों में उतार-चढ़ाव संभव है। निकट भविष्य में रुपया 84.50 रुपये प्रति डॉलर से 85.25 रुपये प्रति डॉलर के दायरे में कारोबार कर सकता है।

 

 

Next Post

खाद्य तेल और दाल-दलहन में मिलाजुला रुख

Mon May 26 , 2025
नई दिल्ली 26 मई (वार्ता) विदेशी बाजारों में तेजी जारी रहने के बावजूद स्थानीय स्तर पर मांग सुस्त रहने से आज दिल्ली थोक जिंस बाजार में खाद्य तेल और दाल-दलहन में मिलाजुला रुख रहा वहीं अन्य जिसों के भाव स्थिर रहे। तेल-तिलहन : वैश्विक स्तर पर मलेशिया के बुरसा मलेशिया […]

You May Like