
कीव, 24 मई (वार्ता) रूसी सेना ने शनिवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोनों से हमला किया, जिसमें कम से कम 15 लोग घायल हो गए। यह जानकारी कीव शहर के सैन्य प्रशासन ने एक बयान में दी।
बयान के अनुसार, यह हमला संघर्ष की शुरुआत के बाद से कीव पर सबसे बड़े हवाई हमलों में से एक था, जिससे कीव के 10 जिलों में से छह में आवासीय और गैर-आवासीय अवसंरचना को नुकसान पहुंचा।
कीव पुलिस ने कहा कि क्षतिग्रस्त स्थलों में एक शॉपिंग मॉल, कई अपार्टमेंट और एक शैक्षणिक संस्थान शामिल हैं।
यूक्रेनी वायु सेना ने कहा कि रूस ने यूक्रेन पर रात भर हमला किया जिसमें 14 इस्कैंडर-एम/केएन-23 बैलिस्टिक मिसाइलों और 250 ड्रोनों का उपयोग किया और कीव उनका प्राथमिक लक्ष्य था। यूक्रेनी वायु रक्षा ने छह मिसाइलों और 245 ड्रोनों को रोका।
ओडेसा के क्षेत्रीय गवर्नर ओलेह किपर के अनुसार, यह हमला शुक्रवार को यूक्रेन के दक्षिणी शहर ओडेसा में बंदरगाह अवसंरचना पर रूस द्वारा दो बैलिस्टिक मिसाइलों से किए गए हमले के बाद हुआ है, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी जबकि छह अन्य लोग घायल हुए थे।
हमले के बाद, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने अमेरिका, यूरोप और अन्य देशों से रूस पर नए प्रतिबंध लगाने का आह्वान किया।
श्री ज़ेलेंस्की ने सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, “केवल रूसी अर्थव्यवस्था के प्रमुख क्षेत्रों को लक्षित करने वाले अतिरिक्त प्रतिबंध से ही मास्को संघर्ष विराम करने के लिए मजबूर होगा।
