इंदौर: क्राइम ब्रांच की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है. हत्या के प्रयास के मामले में पिछले सात वर्षों से फरार चल रहे दस हजार को क्राईम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पर खुद के पिता पर भी फायरिंग करने का आरोप है, फरारी के दौरान आरोपी नाम बदल-बदल कर काट रहा था फरारी.दस हजार के 34 वर्षीय इनामी आरोपी सचिन पूरी निवासी साईं सिटी को क्राईम ब्रांच की टीम ने पकड़ लिया है, आरोपी अपने ही पिता पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के बाद से फरार था और लगातार पहचान छिपाकर इंदौर में रह रहा था.
वर्ष 2018 में आगर मालवा जिले के ग्राम बर्डा बरखेड़ा में जमीन विवाद को लेकर आरोपी ने अपने पिता ओमप्रकाश पर फायर आर्म्स से हमला कर दिया था. इस घटना में थाना कोतवाली, आगर मालवा में प्रकरण दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया था, जो बाद में जमानत पर छूट गया, और इसी दौरान फरार हो गया था. लंबे समय तक गिरफ्तारी न होने पर आगर मालवा पुलिस ने आरोपी पर दस हजार का इनाम घोषित कर दिया था.
क्राइम ब्रांच को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि उक्त आरोपी लसूड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत निरंजनपुर इलाके में छिपा हुआ है. सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को हिरासत में ले लिया. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी नशे का आदी है और पिछले सात वर्षों से लगातार ठिकाने और नाम बदल-बदलकर फरारी काट रहा था. डीसीपी क्राईम ब्रांच राजेश त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी को संबंधित थाना आगर मालवा को सुपुर्द कर दिया है, जहां उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
