हैदराबाद, 10 अगस्त (वार्ता) तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष एन रामचंद्र राव ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर फर्जी भारतीय होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल जनता को गुमराह करने के लिए फर्जी वोट और वोट चोरी के बारे में झूठा प्रचार कर रहे हैं।
अचम्पेट के पूर्व विधायक गुव्वाला बलराजू को भारत राष्ट्र समिति से भाजपा में शामिल करने के दौरान भाजपा के राज्य कार्यालय में श्री राव ने कहा कि हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र और तेलंगाना में चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस ने कभी भी फर्जी वोटों की शिकायत नहीं की।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल बार-बार भारत के खिलाफ बोलते रहते हैं क्योंकि वह शहरी नक्सलियों और राष्ट्र-विरोधी ताकतों से घिरे हुए हैं और अब महाराष्ट्र एवं हरियाणा में कांग्रेस की हार के बाद बिहार में हार के डर से वे इस कहानी को आगे बढ़ा रहे हैं।
श्री राव ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र का सम्मान करती है जीत और हार दोनों को स्वीकार करती है और उसने कभी भी दोषपूर्ण ईवीएम या फर्जी वोटों के बारे में दावा नहीं किया यहां तक कि कर्नाटक और तेलंगाना में हारने के बाद भी नहीं।
