सतना : नागौद पुलिस द्वारा शुक्रवार को छापेमारी करते हुए 32 किलो 150 ग्राम गांजे की खेप पकड़ी गई थी. इस मामले में फरार नाबालिग आरोपी को दबोचने के बाद जब पुलिस ने पूछताछ की तो एक अन्य खेप के छिपाकर रखे होने की जानकारी सामने आ गई. जिसके आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 215 किलो गांजा और नाबालिग समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
नागौद थाना प्रभारी मनोज सोनी से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम द्वारा शुक्रवार को ग्राम डुडहा में संतू पाल के घर में छापेमारी की गई थी. इस दौरान मकान के एक कमरे में प्लास्टिक की बोरियों में टेप से पैक किए गए पैकेट में गांजा भरा मिला था. उक्त स्थान से कुल 31 किलो 150 ग्राम गांजा पकड़ा गया था. हलांकि पुलिस ने मौके से संतू को पकड़ लिया था. लेकिन एक नाबालिग आरोपी मौके से भाग निकला था.
जिसकी तलाश करते हुए शनिवार को दबोच लिया गया. पूछताछ में नाबालिग की तस्दीक पर बंदरहा गांव के निवासी सभाराज पाल के घर में दबिश दी गई. जहां पर 215 किलो गांजे की दूसरी खेप रखी पाई गई. जिसे देखते हुए पुलिस ने सभाराज के साथ-साथ द्वारिका दाहिया, संत कुमार पाल और नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई. इसी कड़ी में गांजे की तस्करी में प्रयुक्त होने वाले एक बोलेरो वाहन को भी जब्त कर लिया गया. पुलिस द्वारा 24 घंटे के भीतर जो गांजे की दो खेप पकड़ी गई उसकी कीमत 24 लाख 73 हजार रु आंकी गई.
