भोपाल, 21 मई (वार्ता) देश में इस बार मानसून समय से पहले आने की भविष्यवाणी के बीच मध्यप्रदेश के पश्चिमी हिस्से में बादल छाए रहने, हवाएं चलने और कहीं कहीं बारिश के कारण दिन के तापमान में काफी गिरावट आयी है, हालाकि उत्तरी और उत्तर पूर्वी अंचल काफी तप रहा है।
स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार दिन में आज भोपाल शहर में कुछ समय के लिए बारिश हुयी। इसके पहले बादल भी छाए रहे और बीच बीच में हवाएं चलीं। शहर में दिन का तापमान 39 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग ढाई डिग्री कम रहा। राज्य के पश्चिमी हिस्सों के शहरों नगरों में इसी तरह का मौसम होने के चलते दिन का तापमान गिरकर 36 डिग्री के आसपास तक पहुंच गया, हालाकि लोगों को इस मौसम के कारण उमस भरी गर्मी से परेशान होना पड़ रहा है।
राज्य के उत्तरी अंचल के प्रमुख शहर ग्वालियर में दिन का तापमान 44 डिग्री पार कर गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। शिवपुरी, गुना, टीकमगढ़, नौगांव आदि में तापमान 42 से 44 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो में तापमान 45 डिग्री को पार कर गया, जाे राज्य में सबसे अधिक रहा। सतना, रीवा, सीधी और आसपास के जिलों में भी गर्मी के यही हाल हैं। राज्य के दक्षिणी और दक्षिण पश्चिमी क्षेत्रों में भी बादल छाए रहने के कारण तापमान में कमी आयी है।
मौसम केंद्र का कहना है कि आने वाले दिनों में पश्चिमी हिस्से में बादल छाए रहने के साथ ही कहीं कहीं बारिश होने की संभावना बनी हुयी है। बारिश की संभावना राज्य के दक्षिणी और पूर्वी क्षेत्रों में बन रही है। कुछ ही दिनों में मानसून पूर्व की बारिश की भी संभावना है। केंद्र का कहना है कि चक्रवातीय परिसंचरण पंजाब और उसके निकटवर्ती क्षेत्रों में डेढ़ किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। इस वजह से मध्यप्रदेश और अन्य राज्यों में मौसम की मौजूदा स्थिति निर्मित हो रही है।
दिन में आज भोपाल में लगभग आधा घंटे लगातार बारिश हुयी। इस दौरान घने बादल भी छाए रहे। पिछले कुछ दिनों से शहर में रुक रुक कर तेज हवाएं मौसम में कुछ समय के लिए ठंडक घोलती आ रही हैं। राज्य के अनेक हिस्सों में यह हालात हाल के दिनों में देखे गए।
