नई दिल्ली, (वार्ता) औषधि निर्माता कंपनी टोरेंट फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही और पूरे वर्ष के लिए अपने वित्तीय नतीजे जारी किए हैं, जिसमें कंपनी ने स्थिर प्रदर्शन के साथ जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की है।
कंपनी ने मंगलवार को बताया कि चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च 2025) में कंपनी का कुल राजस्व 2959 करोड़ रुपये रहा, जो वर्ष-दर-वर्ष आठ प्रतिशत की बढ़ोतरी है। इस दौरान कर के बाद शुद्ध लाभ 11 प्रतिशत बढ़कर 498 करोड़ रुपये हो गया जबकि परिचालन ईबीआईटीडीए नौ प्रतिशत की बढ़त के साथ 964 करोड़ रुपये रहा।
असाधारण मदों और इन्वेंट्री पुनर्मूल्यांकन को समायोजित करने के बाद ईबीआईटीडीए 981 करोड़ रुपये रहा, जो 11 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। वहीं, पूरे वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 11 हजार 516 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में सात प्रतिशत अधिक है। इसी अवधि में शुद्ध लाभ 15 प्रतिशत बढ़कर 1911 करोड़ रुपये पहुंच गया।
भारत में कंपनी का प्रदर्शन विशेष रूप से मजबूत रहा, जहां चौथी तिमाही में 12 प्रतिशत वृद्धि के साथ 1545 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया गया। यह वृद्धि भारतीय फार्मास्युटिकल बाजार (आईपीएम) की औसत आठ प्रतिशत वृद्धि से बेहतर है। क्रोनिक थेरेपी सेगमेंट में टोरेंट ने 14 प्रतिशत का विस्तार किया, जो नौ प्रतिशत की आईपीएम वृद्धि से आगे है। कंपनी के 21 ब्रांड टॉप 500 आईपीएम ब्रांड में शामिल हैं, जिनमें से 14 ब्रांड की वार्षिक बिक्री 100 करोड़ रुपये से अधिक है।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मिलाजुला प्रदर्शन रहा। ब्राजील में राजस्व छह प्रतिशत घटकर 351 करोड़ रुपये रह गया, जिसका मुख्य कारण ब्राजीलियाई रियल का अवमूल्यन रहा। अमेरिकी बाजार में राजस्व 15 प्रतिशत बढ़कर 302 करोड़ रुपये रहा जबकि स्थिर मुद्रा वृद्धि 10 प्रतिशत रही।
कंपनी ने प्रति शेयर 26 रुपये का अंतरिम लाभांश घोषित किया है और छह रुपये प्रति शेयर के अंतिम लाभांश की सिफारिश की गई है, जो शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है।
टोरेंट फार्मा ने 01 अगस्त 2025 से अमन मेहता को प्रबंध निदेशक नियुक्त करने की घोषणा की है। यह निर्णय दीर्घकालिक उत्तराधिकार योजना के तहत लिया गया है और कंपनी के रणनीतिक नेतृत्व को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम है।
