तमिलनाडु में वैन के कुएं में गिरने से पांच लोग डूबे

चेन्नई (वार्ता) तमिलनाडु के दक्षिणी थूथुकुडी जिले में सथानकुलम के पास शनिवार शाम को सड़क किनारे 50 फीट गहरे कुएं में वैन गिरने से पांच लोग डूब गए जबकि तीन अन्य बच निकलने में सफल रहे।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतकों में डेढ़ साल का एक शिशु भी शामिल है। वैन में कुल आठ लोग सवार थे। चालक के वाहन से नियंत्रण खो देने के बाद वैन कुएं में गिर गई। ये लोग तंजावुर जिले से एक विवाह समारोह में जा रहे थे तभी यह हादसा हुआ।

उन्होंने बताया कि तीन लोग बच निकलने में सफल रहे जबकि पांच अन्य कुएं में डूब गए।

पुलिस और अग्निशमन कर्मियों सहित बचाव दल ने करीब पांच घंटे तक कड़ी मशक्कत की और वैन और पांच शवों को बाहर निकाला। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया।

तमिलनाडु की मंत्री एस अनिता राधाकृष्णन और जिला पुलिस अधीक्षक अल्बर्ट जॉन सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बचाव प्रयासों की निगरानी की।

मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने घटना पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों को तीन-तीन लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।

आज रात एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि यह त्रासदी मीरांकुलम गांव-चिंतामणी मार्ग पर हुई जिसमें पांच लोग डूब गए। मृतकों की पहचान रवि कोइल पिचाई (60), उनकी पत्नी हेचसिया किरुबाकरण (49), मोसेस (50), उनकी पत्नी वसंता (49) और उनके डेढ़ साल के बच्चे के रूप में हुई है।

श्री स्टालिन ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और मुख्यमंत्री सार्वजनिक राहत कोष से सहायता राशि देने की घोषणा की।

Next Post

भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम जारी रहना चाहिए-डेविड लैमी

Sun May 18 , 2025
इस्लामाबाद/लंदन (वार्ता) ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी ने कहा है कि पाकिस्तान और भारत के बीच संघर्ष विराम जारी रहना चाहिए और क्षेत्र में संघर्ष किसी के हित में नहीं है। पाकिस्तान के दौरे पर आए श्री लैमी का यह बयान उनकी आधिकारिक यात्रा के समापन पर आया है। […]

You May Like