भोपाल, 17 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने संत श्री रामभद्राचार्य स्वामी को ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित होने पर शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनका अभिनंदन किया है।
डॉ यादव ने एक्स पोस्ट में कहा, ”आदरणीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी द्वारा भारतीय संत परंपरा को गौरवान्वित करने वाले संस्कृत के प्रकांड विद्वान, श्रद्धेय संत पद्मविभूषित जगद्गुरु तुलसीपीठाधीश्वर रामानंदाचार्य स्वामी श्री रामभद्राचार्य जी महाराज को साहित्य के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान के लिए सर्वोच्च भारतीय साहित्य सम्मान ‘ज्ञानपीठ पुरस्कार-2023’ से सम्मानित होने पर आपका अभिनन्दन करता हूँ।”
उन्होंने कहा कि दृष्टिबाधित होने पर भी स्वामी रामभद्राचार्य ने अंतर्मन के आलोक से वेदों, उपनिषदों एवं रामकथा की जो गूढ़ व्याख्या की है, वह भारतवर्ष ही नहीं, संपूर्ण वैश्विक साहित्य जगत के लिए एक अनुपम आध्यात्मिक धरोहर है। संस्कृत साधना एवं सनातन सेवा में उनके तपस्वी जीवन में यह उपलब्धि भावी पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी।
