वाशिंगटन,12 जून (वार्ता) अमेरिका की खुफिया एजेंसियों ने संकेत दिया है कि इजरायल, ईरान के परमाणु प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर हमला करने की तैयारी कर रहा है।
मीडिया रिपोर्टोँ में गुरुवार को यह जानकारी दी गयी।
‘सीबीएस न्यूज’ की रिपोर्ट के मुताबिक कई स्रोतों ने पुष्टि की है कि अमेरिकी प्रशासन को ईरान में सैन्य अभियान शुरू करने के लिए इजरायल की पूरी तैयारी के बारे में सूचित किया गया है।
इजरायली अधिकारियों और व्हाइट हाउस के प्रवक्ताओं ने हालांकि इस पर टिप्पणी करने से इनकार किया है।
इससे पहले बुधवार को अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने मध्य पूर्व से अमेरिकी सैन्य आश्रितों के स्वैच्छिक प्रस्थान को मंजूरी दे दी। गैर-आवश्यक अमेरिकी दूतावास के कर्मचारियों और उनके आश्रितों को भी ईरान छोड़ने का आदेश दिया गया है।
ईरान के संयुक्त राष्ट्र मिशन ने कल ही‘एक्स’ पर अमेरिका पर इजरायली अपराधों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
‘एसोसिएटेड प्रेस’ ने ईरानी रक्षा मंत्री अजीज नसीरज़ादेह के हवाले से कहा, “यदि हम पर संघर्ष थोपा जाता है, तो प्रतिद्वंद्वी के हताहतों की संख्या निश्चित रूप से हमसे अधिक होंगे और उस स्थिति में अमेरिका को इस क्षेत्र को छोड़ देना चाहिए, क्योंकि उसके सभी ठिकाने हमारी पहुँच में हैं। हमारे पास उन तक पहुँच है और हम बिना किसी हिचकिचाहट के उन सभी को निशाना बनाएंगे।”

