सतना:मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 30 के बायपास पर सोमवार तडक़े हुए सडक़ हादसे में दो लोगों की मौत हो गई. घटना सडक़ किनारे खड़े एक ट्रक को दूसरे ट्रक द्वारा पीछे से टक्कर मारने के कारण होना बताया गया. इस घटना के चलते एक ओर जहां क्लीनर ने मौके पर ही मौत हो गई वहीं दूसरी ओर चालक ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच 30 के अमरपाटन बायपास पर एक ट्रक सडक़ किनारे खडा था. बताया गया कि सोमवार तडक़े उक्त मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक क्र. एमएच 48 बीएम 1483 भी जा रहा था. लेकिन देखते ही देखते पीछे से आ रहे ट्रक ने सडक़ किनारे खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे वाले ट्रक का केबिन आगे वाले ट्रक के पिछले हिस्से में घुसकर बुरी तरह चकनाचूर हो गया. जिसके चलते पीछे वाले ट्रक के केबिन में सवार ट्रक चालक और क्लीनर बुरी तरह दबकर घायल हो गए.
घटना की सूचना मिलने पर अमरपाटन थाना प्रभाररी के पी त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पीछे वाले ट्रक के केबिन में फंसे चालक और क्लीनर को बाहर निकालने का प्रयास किया गया. लेकिन केबिन के बुरी तरह पिचक जाने के कारण वह संभव नहीं हो सका. लिहाजा मौके पर जेसीबी मशीन और क्रेन को बुलाया गया. जिसकी मदद से काफी देर तक कड़ी मशक्कत करने के बाद किसी तरह केबिन में फंसे चालक और क्लीनर को बाहर निकाला गया. जिसके फौरन बाद दोनों घायलों को अमरपाटन स्थित सिविल अस्पताल भेजा गया.
जहां पर जांच करने पर चिकित्सक द्वारा क्लीनर गुलाम अली पिता शोहरत उम्र 50 वर्ष निवासी आजमगढ़ उप्र को मृत घोषित कर दिया गया. जबकि गंभीर तौर पर घायल चालक इंद्रपाल यादव पिता शोभनाथ उम्र 58 वर्ष निवासी जौनपुर उप्र को फौरन ही उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रीवा के लिए रेफर कर दिया गया. लेकिन मेडिकल कालेज पहुंचने से पहले रास्ते में ही चालक इंद्रपाल ने दम तोड़ दिया. पुलिस द्वारा दोनों मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस द्वारा घटना के पीछे का प्रारंभिक कारण ट्रक चालक को झपकी आना बताया गया.
